Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NEET Exam Controversy: पहले 651 नंबर, दो दिन बाद चेक किया तो 251, जम्मू-कश्मीर की छात्रा सुप्रिया ने उठाए सवाल

    By Rajesh Dogra Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Wed, 22 Jul 2026 03:23 PM (IST)

    रियासी की नीट-यूजी 2026 अभ्यर्थी सुप्रिया ने अपने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है, जिसमें उनके अंक 651 से घटकर 251 हो गए। ...और पढ़ें

    रियासी में प्रेस वार्ता के दौरान अपना पक्ष रखते सुप्रिया.

    रियासी में प्रेस वार्ता के दौरान अपना पक्ष रखते सुप्रिया.

    HighLights

    1. रियासी की सुप्रिया ने नीट परिणाम में विसंगति का आरोप लगाया।

    2. पहले 651 अंक दिखे, बाद में घटकर 251 हो गए।

    3. छात्रा ने प्रधानमंत्री और NTA से निष्पक्ष जांच की मांग की।

    संवाद सहयोगी, रियासी. नीट परीक्षा पहले से ही विवादों के घेरे में है। अब रियासी की नीट-यूजी 2026 अभ्यर्थी सुप्रिया ने अपने परीक्षा परिणाम में कथित विसंगति का आरोप लगाए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

    सुप्रिया ने बताया कि 16 जुलाई रात 10:30 बजे नीट परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। शायद सरबर की व्यस्तता के कारण उस समय उनका परिणाम डाउनलोड नहीं हो पाया। अगले दिन जब डाउनलोड किया तो अंकतालिका में 720 में से 651 अंक दिखाई दिए थे जिसका स्क्रीनशॉट लेकर उन्होंने कुछ जगहों पर शेयर भी कर दिया था, जबकि बाद में दोबारा परिणाम देखने पर अंक घटकर 251 प्रदर्शित होने लगे।

    रिजल्ट देखकर बांटी मिठाई

    सुप्रिया ने बताया कि 651 अंक देखकर उनके परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल था। लोगों ने उन्हें बधाई दी और मिठाइयां भी बांटीं। हालांकि, दो दिन बाद परिणाम दोबारा जांचने पर अंक 251 दिखाई देने से उन्हें और परिवार को हैरानी हुई। अभी भी 251 ही दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी से संपर्क कर शिकायत की गई। उनके अनुसार, उन्हें ई-मेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने और अंकतालिका पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर सत्यापन करने की सलाह दी गई, लेकिन वहां भी 251 अंक ही प्रदर्शित हुए।

    जांच की मांग

    सुप्रिया ने कहा कि वह केवल यह जानना चाहती हैं कि उनका वास्तविक परिणाम क्या है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी से मामले की जांच करवाकर वास्तविक अंक स्पष्ट करने की अपील की। वहीं, सुप्रिया के स्वजनों ने कहा कि बच्चों की वर्षों की मेहनत के बाद परिणाम को लेकर ऐसी स्थिति पैदा होना परिवार के लिए बेहद तनावपूर्ण है। उन्होंने भी संबंधित अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।

     

    खबरें और भी