रक्षाबंधन पर मुहूर्त को लेकर न हों परेशान! राहुकाल छोड़कर दिनभर बांध सकते हैं राखी, जम्मू में ये समय रहेगा शुभ
Raksha Bandhan Muhurat: ज्योतिष वाचस्पती शास्त्री ने रक्षाबंधन पर राखी बांधने के शुभ समय को स्पष्ट किया है, बताया कि ...और पढ़ें

रक्षाबंधन पर राखी बांधने को लेकर कंफ्यूजन खत्म। (फाइल फोटो)
HighLights
28 अगस्त को राहुकाल छोड़कर दिनभर बांधें राखी।
पूर्णिमा (सुबह 9:45 तक) और अभिजित मुहूर्त विशेष शुभ।
सुबह 10:30 से 12 बजे तक राहुकाल का रखें ध्यान।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर: रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन राहुकाल पड़ने से राखी बांधने के शुभ समय को लेकर लोगों में असमंजस है। उधमपुर के ज्योतिष वाचस्पती शास्त्री ने पर्व की तिथि से लेकर राखी बांधने के शुभ मुहूर्त तक की जानकारी दी है। आइए जानते हैं...
ज्योतिष वाचस्पती शास्त्री ने बताया कि रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा और राहुकाल को छोड़कर दिनभर राखी बांधी जा सकती है। पूर्णिमा की अवधि और अभिजित मुहूर्त को उन्होंने विशेष शुभ बताया।
ये मुहूर्त रक्षाबंधन के लिए अत्यंत शुभ
ज्योतिष के अनुसार, 28 अगस्त को सूर्योदय सुबह 6:05 बजे होगा और इसके बाद सुबह 9:45 बजे तक पूर्णिमा रहेगी। उन्होंने इस अवधि को रक्षाबंधन के लिए अत्यंत शुभ बताया। इसके बाद सुबह 11:56 से दोपहर 12:52 बजे तक अभिजित मुहूर्त रहेगा, जिसमें भी राखी बांधी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल रहेगा। जो लोग रक्षाबंधन में राहुकाल का विचार करते हैं, वे दोपहर 12 बजे से 12:52 बजे के बीच राखी बांध सकते हैं। इस तरह शुभ समय को लेकर परिवारों को अनावश्यक असमंजस में रहने की जरूरत नहीं है।
शुभ मुहूर्त में राखी बांधना माना जाता है विशेष
ज्योतिष के अनुसार, रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और रक्षा सूत्र का पर्व है। बहनें इस दिन भाइयों की दीर्घायु की कामना करती हैं और शुभ मुहूर्त में राखी बांधने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि किसी कारणवश समय में देरी हो जाए तो पर्व के महत्व में कमी नहीं आती। हालांकि, जहां तक संभव हो बताए गए शुभ मुहूर्त में ही रक्षाबंधन मनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
