रियासी में बारिश का कहर, माहौर-चसाना में नदी-नाले उफनाए, सड़कें टूटीं, सलाल डैम के भी गेट खुले
रियासी जिले में मूसलाधार बारिश से माहौर और चसाना में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और आवागमन बाधित हुआ। सलाल डैम के गेट खोले ग ...और पढ़ें
-1784545161825_m.webp)
सलाल डैम से छोड़ा गया पानी।
HighLights
रियासी में भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा।
माहौर-चसाना में सड़कें क्षतिग्रस्त।
माहौर-चसाना में संपर्क मार्ग बाधित हुए।
डिजिटल डेस्क,, रियासी: जिले में बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। माहौर और चसाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई मूसलधार बारिश से कई नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। तेज बहाव के कारण कई स्थानों पर सड़कों का कटाव हो गया, जबकि पहाड़ियों से मलबा और पत्थर सड़क पर आने से कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित रहा। कई स्थानों पर लोग मजबूरी में उफनाते पानी के बीच से होकर गुजरते दिखाई दिए। चसाना के शिकारी इलाके में पड़ने वाले एक नाले के तेज बहाव में भी कुछ युवक और किशोर अपनी जान जोखिम में डालकर पार करते नजर आए, जिससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी रही। उधर, चिनाब नदी भी उफान पर है। सलाल डैम के गेट भी खोले गए हैं।
बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील
माहौर प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि भूस्खलन और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को अपने घर में रहने के दौरान खतरे की आशंका महसूस होती है तो वह सुरक्षित स्थानों, जैसे नजदीकी सरकारी स्कूल, पंचायत घर या प्रशासन द्वारा चिन्हित राहत स्थलों पर चले जाएं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने की भी अपील की है।
जेके बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित
इसके अलावा मौसम का कहर शिक्षा पर भी दिखने लगा है. जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने खराब मौसम के चलते हुए सोमवार यानी आज से आयोजित होने वाली प्राइवेट और अर्धवार्षिक की सभी निर्धारित परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. जेके बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह फैसला सभी हितधारकों के हित में लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन परीक्षाओं की नई तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी।