लगातार हो रही बारिश के कारण शिवखोड़ी यात्रा अभी भी बंद, कटड़ा से श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक
लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण शिवखोड़ी यात्रा शनिवार को भी बंद रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने कटड़ा से आवाजाही रोक दी है, जिसस ...और पढ़ें

खराब मौसम और भूस्खलन से शिवखोड़ी यात्रा अभी भी बंद।
HighLights
लगातार वर्षा और खराब मौसम से शिवखोड़ी यात्रा स्थगित
सुरक्षा कारणों से कटड़ा से श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकी गई
रनसू बाजार और स्थानीय व्यापार यात्रा बंद होने से प्रभावित
संवाद सहयोगी, पौनी। लगातार हो रही वर्षा और खराब मौसम के कारण प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल शिवखोड़ी की यात्रा शनिवार को भी पूरी तरह बंद रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कटड़ा से शिवखोड़ी की ओर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी रोक लगा दी है। इससे यात्रा मार्ग पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवखोड़ी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन लगातार वर्षा के कारण कटड़ा-रनसू मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कटड़ा से श्रद्धालुओं के वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है।
यात्रा स्थगित होने से रनसू बाजार में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। होटल, ढाबा, दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि उनका कारोबार पूरी तरह श्रद्धालुओं पर निर्भर है और यात्रा बंद रहने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक तरसेम लाल शर्मा ने बताया कि लगातार खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से फिलहाल यात्रा स्थगित रखी गई है। उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
खबरें और भी
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन और संबंधित विभाग यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा स्थिति सामान्य होते ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।