विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी अपडेट, बारिश के बाद बढ़ी ठंड; जानें हेलीकॉप्टर और बाकी सेवाओं का हाल

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:50 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: कटड़ा में सर्द हवाओं और बारिश के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी रही, जिससे श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

बाणगंगा क्षेत्र से मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

बाणगंगा क्षेत्र से मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

HighLights

  1. यात्रा मार्ग पर सर्द हवाएं और हल्की बारिश जारी रही।

  2. खराब मौसम से हेलीकॉप्टर सेवा कुछ देर प्रभावित हुई।

  3. शनिवार दोपहर तक 19 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया।

जागरण संवाद, कटड़ा। मौसम में आए बदलाव के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार जारी है। शुक्रवार शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली, जिसके बाद त्रिकूट पर्वत सहित कटड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं। रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने से मां के दर्शन के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई और मौसम में थोड़े सुधार के साथ ही वे जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।

शुक्रवार रात को मौसम खराब होने के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर बनाए गए आश्रय स्थलों में रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए। बारिश का दौर धीमा पड़ते ही श्रद्धालु फिर से अपनी यात्रा पर निकल पड़े।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान लगातार तैनात रहे।

आसमान में बादलों का जमावड़ा

शनिवार सुबह मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला, लेकिन दिनभर त्रिकूट पर्वत और आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा। बीच-बीच में सूर्य देव के दर्शन भी हुए, मगर ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहा। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर मां के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित 

मौसम में बदलाव का असर कटड़ा से संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के चलते यह सेवा बीच-बीच में थोड़े समय के लिए प्रभावित हुई। हालांकि, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी सहित अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। श्रद्धालुओं ने अपनी सुविधा के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठाया।

वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में आंशिक गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते यात्रा मार्ग पर अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिल रही है और श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आगे बढ़ने में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। शनिवार को भी श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे।

दोपहर दो बजे तक 19 हजार श्रद्धालुओं ने करवाया पंजीकरण

शनिवार दोपहर दो बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। मौसम में आए बदलाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस विभाग और सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।