Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम ने बदले रंग फिर भी नहीं रुके कदम, हेलीकॉप्टर-रोपवे संग माता वैष्णो देवी यात्रा निर्बाध जारी

    By Rakesh Sharma Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 28 Apr 2026 06:32 PM (IST)

    मौसम बदलने और हल्की बारिश के बावजूद, माता वैष्णो देवी यात्रा निर्बाध जारी रही। श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा, और हेलीकॉप्टर व रोपवे सेवाएं सुचारु रूप ...और पढ़ें

    18 हजार श्रद्धालु जयकारों संग पहुंचे मां वैष्णो देवी भवन।

    18 हजार श्रद्धालु जयकारों संग पहुंचे मां वैष्णो देवी भवन।

    HighLights

    1. हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद यात्रा जारी।

    2. हेलीकॉप्टर और रोपवे सेवाएं सुचारु रूप से संचालित।

    3. शाम तक 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया।

    संवाद सहयोगी, कटड़ा। बदले मौसम और हल्की बारिश के बावजूद मंगलवार को मां वैष्णो देवी यात्रा निर्बाध जारी रही। बादलों, ठंडी हवाओं और फुहारों के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी। शाम पांच बजे तक करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन के लिए रवाना हुए, जबकि देर शाम तक यात्रियों का आगमन जारी रहा।

    दिनभर मौसम पल-पल रंग बदलता रहा। दोपहर बाद आसमान में बादलों का जमावड़ा लगा और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि इसका यात्रा पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा। पारंपरिक मार्ग से श्रद्धालु जयकारों के साथ भवन की ओर बढ़ते रहे। ठंडे मौसम के कारण चढ़ाई के दौरान यात्रियों को अपेक्षाकृत राहत महसूस हुई। शाम होते-होते मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई, हालांकि ठंडी हवाएं चलती रहीं।

    भवन से भैरव घाटी के बीच रोपवे सेवा सुचारु

    मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा से जुड़ी सभी सुविधाएं सामान्य रहीं। कटड़ा से भवन तक हेलीकाप्टर सेवा नियमित रूप से संचालित हुई। भवन मार्ग पर बैटरी कार सेवा तथा भवन से भैरव घाटी के बीच रोपवे सेवा भी सुचारु रही। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का भी श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

    यात्रा के दौरान सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। श्राइन बोर्ड, पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थलों पर तैनात रहे और यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। हालांकि मौजूदा समय में यात्रा में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है, फिर भी देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का आगमन बना हुआ है। बदलते मौसम के बीच भी आस्था की यह निरंतरता यात्रा की जीवंतता को दर्शा रही है।

    खबरें और भी