यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand: सिलेंडर में आग लगने से महिला की मौत, रसोई में बना रही थी नाश्ता, परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल
Jharkhand News खैराचातर बाजार में समस्तीपुर जिले से आकर खैनी का व्यापार चलाने वाले विकास राय की पत्नी 30 वर्षीय प्रियंका देवी मंगलवार सुबह नौ बजे रसोई ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, कसमार। Jharkhand News: खैराचातर में मंगलवार को खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर का पाइप लीक हो जाने के कारण आग लगने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। आग से झुलसकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नाश्ता बनाते वक्त हुआ हादसा
मंगलवार की सुबह नौ बजे खैराचातर बाजार में समस्तीपुर जिले से आकर खैनी का व्यापार चलाने वाले विकास राय की पत्नी 30 वर्षीय प्रियंका देवी रसोईघर में नाश्ता बना रही थी। इसी बीच अचानक गैस का सिलेंडर लीक हो गया और उससे आग की लपटें निकलने लगीं। इससे प्रियंका देवी बुरी तरह झुलस गई।
जब इसकी जानकारी लोगों को मिली तो महिला को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थी। इस कारण महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची और छानबीन की।
तीन बेटी के बाद एक महीने पहले पुत्र को दिया था जन्म
घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक महीने पहले एक बच्चे को जन्म देने वाली मां की मौत हुई, तो परिवार में मातम छा गया। तीन छोटी-छोटी बच्चियों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक महिला के पति विकास राय ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन बेटियों के बाद काफी मन्नत के बाद एक महीने पहले ही पुत्र की प्राप्ति हुई थी। पत्नी ने बेटे के लिए काफी सपने देख रखे थे।
खबरें और भी
इसी साल की शुरुआत में खूंटी से भी एक ऐसी ही खबर सामने आई थी, जिसमें घर में गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से एक बच्चे की मौत हो गई थी, जबकि कई झुलस गए थे। मामला खूंटी की घनी आबादी वाले महादेव टोली का है। यहां के एक पक्के मकान में गैस लीकेज होने के कारण आग लग जाने से एक ही परिवार के कई सदस्य बुरी तरह झुलस गए थे। जिस बच्चे की मौत हुई थी उसका नाम शुभम था। उसकी उम्र चार साल थी।