Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BJP के अर्जुन ने अटल को झारखंड निर्माण का दिया श्रेय, बालू लूट और पेसा को लेकर हेमंत सरकार पर साधा निशाना

    By Manik Chandra Singh Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Fri, 26 Dec 2025 07:12 AM (IST)

    Arjun Mundaः अटल जागृति मंच ने चास में अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई। अर्जुन मुंडा ने झारखंड राज्य निर्माण का श्रेय अटल जी को दिया और बालू लूट व पे ...और पढ़ें

    अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह का उद्घाटन करते पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा। (फोटो जागरण)

    अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह का उद्घाटन करते पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. बोकारो में अटल जागृति मंच ने पूर्व प्रधानमंत्री की मनाई जयंती

    2. समारोह में शामिल हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा

    3. झारखंड में सरकार और माफिया के बीच गठजोड़ से बालू की लूट

    जागरण संवाददाता, चास (बोकारो)। Atal Bihari Vajpayee Birth Anniversaryः अटल जागृति मंच की ओर से गुरुवार को चास में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा थे। उन्होंने झारखंड राज्य निर्माण का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में बालू सहित खनिज संपदा की लूट तथा पेसा कानून से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

    अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में सरकार और माफिया के गठजोड़ के कारण चारों ओर लूट मची हुई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को अपना मकान बनाने के लिए बालू तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में पेसा कानून के तहत पंचायत चुनाव कराए गए थे और गांवों के विकास के लिए पंचायतों को अधिकार प्रदान किए गए थे।

    पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार वर्षों तक पेसा कानून को अपने कब्जे में रखे रही। सरकार को राज्यपाल की भूमिका और संवैधानिक प्रक्रियाओं के संबंध में अनुभव प्राप्त करने की आवश्यकता है। पेसा कानून को लागू करने के लिए एक साधारण अधिसूचना ही पर्याप्त थी, लेकिन सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

    उन्होंने आगे कहा कि पेसा कानून का सही मायनों में पालन हुआ है या केवल इसका अतिक्रमण किया गया है, इसका वास्तविक मूल्यांकन आने वाले समय में किया जाएगा। अर्जुन मुंडा ने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को सशक्त दिशा देने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में राष्ट्रहित में कई ऐतिहासिक और ठोस निर्णय लिए गए।

    उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सुशासन और समरसता का प्रतीक रहा है। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और लोकतांत्रिक मूल्यों को सदैव सर्वोपरि रखा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी मार्ग पर चलकर देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान भारत प्रगति के पथ पर खिलते कमल की तरह आगे बढ़ रहा है।

    उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में जय शंकर सिंह, योगेश्वर महतो बाटुल, विनय सिंह, बिनोद कुमार, राकेश कुमार मधु, प्रवीण कुमार, विक्रम पांडेय, अमरनाथ झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।