बोकारो में थाने के करीब दुधारू गाय की चोरी, स्कॉर्पियो में ले गए चोर; सीसीटीवी में कैद
Bokaro Cow Theft: जरीडीह थाना के पास बांधडीह गांव से पशु चोरों ने एक दुधारू गाय को स्कॉर्पियो में लादकर चुरा लिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई ...और पढ़ें

गाय को काबू करते चोर। (सीसीटीवी फुटेज)
HighLights
जरीडीह थाना के पास बांधडीह गांव से दुधारू गाय चोरी।
चोरों ने स्कॉर्पियो में लादकर गाय को चुराया, सीसीटीवी में कैद।
पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की पहचान शुरू की।
संवाद सहयोगी, जैनामोड़(धनबाद)। झारखंड के बोकारो जिले में जरीडीह थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित बांधडीह गांव में गुरुवार की देर रात पशु चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक दुधारू गाय चोरी कर ली। चोर सड़क किनारे पशुपालक सुमन भगत के घर के बाहर बैठी गाय को स्कॉर्पियो में लादकर फरार हो गए।
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। शुक्रवार सुबह जब स्वजन गाय को चारा-पानी देने पहुंचे तो वह गायब मिली। इसके बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्कॉर्पियो से आए चोरों द्वारा गाय को वाहन में लादकर ले जाने का दृश्य सामने आया। इसके बाद मामले की सूचना जरीडीह थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर चोरों की पहचान और वाहन का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके के पशुपालकों में दहशत और आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि थाना के इतने करीब हुई चोरी से पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं से किसानों और पशुपालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। एक दुधारू गाय की चोरी से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक पीड़ा भी झेलनी पड़ती है।
खबरें और भी
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई तथा रात में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते संगठित पशु चोर गिरोह पर अंकुश नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों को रात में स्वयं पहरा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल लगातार गहराता जा रहा है।