Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बोकारो में शराब पीकर भटक रहा था युवक, लोगों ने बच्चा चोर समझ कर दी धुनाई

    By Arvind Kumar Singh Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Wed, 11 Feb 2026 11:54 AM (IST)

    Bokaro Mob Beats Man: बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में बीएसएल एलएच स्ट्रीट चार के पास एक युवक को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने बुरी तरह पीटा। सूचना मिलने पर ...और पढ़ें

    बोकारो में बच्चा चोर के शक में युवक की पिटाई।

    बोकारो में बच्चा चोर के शक में युवक की पिटाई।

    HighLights

    1. युवक को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने बुरी तरह पीटा।

    2. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।

    3. पड़ताल के बाद युवक को उसके स्वजनों को सौंपा गया।

    जागरण संवाददाता, बोकारो। सिटी थाना क्षेत्र के बीएसएल एलएच स्ट्रीट-4 के पास मंगलवार को बच्चा चोर होने के संदेह में एक युवक की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

    बताया गया कि युवक दुदीबाग बंगालीपाड़ा का रहने वाला है। स्थानीय लोगों को उस पर बच्चा चोर होने का संदेह हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। समय रहते पुलिस पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

    बताया जाता है कि युवक शराब के नशे में था। वह बड़बड़ा रहा था। इस कारण लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया। और बच्चा चोर के शक में उसकी पिटाई कर दी। 

    पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक के खिलाफ बच्चा चोरी से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं मिला है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून अपने हाथ में न लें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

    गौरतलब है कि झारखंड में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहों से दहशत का माहौल है। हाल ही में रांची से लापता दो बच्चों को रामगढ़ से बरामद किया गया था। वहीं, कोडरमा से गायब बिरहोर समुदाय के बच्चों को भी बिहार से सुरक्षित वापस लाया गया। इन घटनाओं के बाद राज्यभर में सतर्कता बढ़ गई है, लेकिन पुलिस ने अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।