बोकारो में नमकीन फैक्टरी में भीषण आग, 42 लाख का नुकसान
बोकारो के फुसरो में श्रीश्याम बाइट नमकीन फैक्टरी में आग लगने से मशीनें और लगभग 42 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ...और पढ़ें

बोकारो के फुसरो स्थित नमकीन फैक्ट्री में आग। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
फुसरो की नमकीन फैक्टरी में लगी भीषण आग।
लगभग 42 लाख रुपये की सामग्री जलकर राख।
विद्युत शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण।
संवाद सूत्र, फुसरो(बोकारो)। बेरमो थाना अंतर्गत फुसरो नगर के वार्ड नंबर-20 की ढोरी बस्ती सौतारडीह में संचालित पैकेज्ड नमकीन की श्रीश्याम बाइट नामक फैक्टरी में शनिवार को तड़के आग लग गई। आग की चपेट से मशीन बर्बाद हो गई। साथ ही लगभग 42 लाख की सामग्री जलकर राख हो गई।
भोर करीब चार बजे ग्रामीणों ने फैक्टरी से धुआं के साथ आग की चिंगारी निकलती देखी तो संडेबाजार निवासी फैक्टरी के मालिक मोनू कुमार एवं बेरमो थाना की पुलिस को फोन से सूचित किया। सूचना मिलते ही फैक्टरी के मालिक मोनू कुमार व अन्य कर्मी पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि सूचना पाकर तेनुघाट से अग्निशमन दल भी दमकल वाहन के साथ पहुंच चुका था।
आग लगने का कारण विद्युत शार्टसर्किट बताया जा रहा है। फैक्टरी के मालिक मोनू कुमार ने बताया कि दो माह पूर्व ही उन्होंने फैक्टरी की शुरुआत की थी। आग लग जाने से उन्हें अत्यधिक आर्थिक नुकसान पहुंचा है। बताया कि उस फैक्टरी में रोस्टेड मखाना, आलू व केला के चिप्स सहित बच्चों के खाने के लिए वेज बिरियानी, पाश्ता आदि बनाया जाता था।
कहा कि जिस वक्त फैक्टरी में आग लगी तब 54 पेटी रोस्टेड मखाना (एक पेटी में 16 किलो) एवं 120 पेटी केला चिप्स (एक पेटी में 16 पत्ता) सहित कई दुकानों के आर्डर के सामान बनाकर रखे हुए थे। वह सभी आग की चपेट से जलकर राख हो गए। बताया कि उन्होंने फैक्टरी खोलने के लिए पीएमएफएमई योजना के तहत 16 लाख रुपये का लोन लिया था।
खबरें और भी
फैक्टरी में स्थानीय 15 महिलाएं काम करती थीं। वार्ड पार्षद विलासी देवी एवं बेरमो थाना की पुलिस ने फैक्टरी संचालक से घटना के बारे में जानकारी लेते हुए फैक्टरी का अवलोकन भी किया। भुक्तभोगी ने अगलगी की घटना के संदर्भ में बेरमो थाना में आवेदन दिया है।