विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो कोषागार घोटाला: वेतन अटका, कर्मचारियों की बढ़ी परेशानी; एलआईसी ने EMI में दी राहत

By Birendra Kumar Pandey Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sat, 02 May 2026 08:26 PM (IST)

Bokaro Police Salary Scam: बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय से वेतन निकासी में अनियमितता के कारण हजारों सरकारी कर्मचारियों का वेतन ...और पढ़ें

कोषागार घोटाला में आरोपित को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

कोषागार घोटाला में आरोपित को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

HighLights

  1. बोकारो में वेतन निकासी में अनियमितता का मामला सामने आया।

  2. हजारों सरकारी कर्मचारियों का दो माह से वेतन रुका।

  3. एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने ईएमआई में राहत दी।

जागरण संवाददाता, बोकारो। झारखंड के बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय से वेतन निकासी में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। पुलिसकर्मियों के वेतन के नाम पर कोषागार से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी की पुष्टि के बाद जांच तेज कर दी गई है।

इसका असर अब अन्य जिलों में भी दिखने लगा है, जहां इसी तरह की शिकायतें सामने आई हैं। एहतियात के तौर पर कई जगह वेतन निकासी पर रोक लगा दी गई है, जिससे सरकारी कर्मचारियों के बीच चिंता और असंतोष बढ़ रहा है।

दो माह से वेतन नहीं, आर्थिक संकट गहराया

जिले में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लगातार दो माह से वेतन नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार फरवरी माह का वेतन आयकर मद में समायोजित हो गया, जबकि मार्च और अप्रैल का भुगतान अब तक लंबित है। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। न्यायालय से जुड़े कुछ कर्मचारियों को एक माह का वेतन मिला है, लेकिन अन्य विभागों में स्थिति जस की तस बनी हुई है।

कई विभागों के हजारों कर्मचारी प्रभावित

स्वास्थ्य विभाग के लगभग तीन हजार कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। वहीं ग्रामीण विकास, राजस्व समेत कई अन्य विभागों में भी भुगतान लंबित है। पुलिस विभाग भी इससे अछूता नहीं है।

जिले में जिला पुलिस, जैप और एसआईएसएफ के करीब चार हजार जवान तथा लगभग दो हजार होमगार्ड के जवान वेतन के इंतजार में हैं। लगातार देरी से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने दी राहत

इस बीच एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने प्रभावित कर्मचारियों को राहत दी है। जिन कर्मचारियों का वेतन रुका हुआ है और वे समय पर ईएमआई जमा नहीं कर पा रहे हैं, वे किस्त की नियत तिथि से सात दिन पहले ईमेल या कार्यालय से संपर्क कर एक-दो महीने के लिए ईएमआई मैंडेट होल्ड करवा सकते हैं। इससे उन्हें बाउंस चार्ज से बचने में मदद मिलेगी।