विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना: युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और मानदेय

Published: Thu, 27 Aug 2026 07:07 PM (IST)

Bokaro Steel Plant ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तीसरे चरण के तहत 69 युवाओं को तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

बोकारो स्टील प्लांट। (फाइल फोटो)

बोकारो स्टील प्लांट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बीएसएल में 69 युवाओं के लिए इंटर्नशिप के अवसर।

  2. तकनीकी-गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 9 महीने का व्यावहारिक प्रशिक्षण।

  3. चयनित इंटर्न को प्रतिमाह 9,000 रुपये का मानदेय।

जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तृतीय चरण के अंतर्गत कुल 69 युवाओं को विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में इंटर्नशिप प्रशिक्षण प्रदान करने को लेकर आवेदन आमंत्रित किया गया है।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को उद्योग आधारित व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाना है। इस योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह लगभग 9,000 रुपये का मानदेय प्रदान किया जाएगा, जो भारत सरकार एवं कंपनी के संयुक्त सहयोग से दिया जाएगा।

यह इंटर्नशिप विभिन्न ट्रेड्स एवं विभागों में उपलब्ध होगी, जिनमें इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, पीएलसी लैब, मेटलर्जी, लाजिस्टिक्स, एचआर, कंप्यूटर आपरेशन, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, हाइड्रोलिक्स तथा सिरेमिक इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। 

योजना के अंतर्गत पात्रता के अनुसार आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इस इंटर्नशिप की अवधि नौ महीने की होगी होगी तथा आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू है। 15 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है।

इस प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनके कौशल विकास में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने सभी इच्छुक एवं योग्य युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।