कोयला चोरी पर लगाम कसने के लिए सीसीएल और सीआईएसएफ का संयुक्त अभियान होगा तेज, तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
CCL Tightens Noose on Coal Theft Racket: सीसीएल और सीआईएसएफ ने कोयला चोरी रोकने के लिए संयुक्त अभियान तेज करने का फैसला किया है। करगली ऑफिसर्स क्लब मे ...और पढ़ें

कोयला चोरी रोकने को सीआइएसएफ के साथ बैठ करते सीसीएल निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्रा।
संवाद सूत्र, जागरण, फुसरो (बोकारो)। कोयला चोरी पर रोक के लिए सीसीएल-सीआईएसएफ का संयुक्त अभियान तेज होगा। करगली ऑफिसर्स क्लब में शुक्रवार को सीसीएल निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में सीसीएल व सीआईएसएफ के बीच द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में ढोरी, बीएंडके, कथारा व गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधकों के साथ सीआईएसएफ के अधिकारी मौजूद थे।
एरिया जीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति, चुनौतियों और संवेदनशील स्थलों की जानकारी दी। निदेशक मिश्रा ने कहा कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बेहतर समन्वय और सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हाल में चलकरी क्षेत्र में अवैध सुरंगों व माइंस को बंद किया गया है और अब आधुनिक तकनीक जैसे ड्रोन निगरानी का भी सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने अवैध खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और सीसीएल सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान को और तेज करने पर जोर दिया गया।
बीएंडके जीएम संजय झा और ढोरी जीएम रंजय सिन्हा ने बताया कि कोयला चोरी रोकने के लिए लगातार छापेमारी व गश्ती अभियान चलाया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। बैठक में कई अधिकारियों की उपस्थिति रही।