Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बोकारो में अवैध कोयला तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, एक 'ट्रक' मोटरसाइकिलें जब्त; कोयलांचल में बड़ा सिंडिकेट

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 01:50 PM (IST)

    सीसीएल और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने फुसरो के कारो परियोजना में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला और तस्करी ...और पढ़ें

    फुसरो में अवैध कोयला तस्करी पर बड़ी कार्रवाई 45 मोटरसाइकिलें जब्त।

    फुसरो में अवैध कोयला तस्करी पर बड़ी कार्रवाई 45 मोटरसाइकिलें जब्त।

    HighLights

    1. सीसीएल और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने की छापेमारी।

    2. भारी मात्रा में अवैध कोयला और 45 बाइक जब्त।

    3. अवैध कारोबारियों में हड़कंप, पुलिस प्रशासन पर सवाल।

    संवाद सूत्र, फुसरो। सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के कारो परियोजना अंतर्गत डीसी-सीपीएल पैच में शनिवार को महाप्रबंधक संजय कुमार झा के नेतृत्व में सीआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।

    कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया कोयला जब्त किया गया। साथ ही कोयला तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लगभग 45 मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया।

    छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों को देखते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग जंगल के रास्ते फरार हो गए। जब्त कोयले को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

    महाप्रबंधक संजय कुमार झा ने बताया कि पिछले कई दिनों से डीसी-सीपीएल पैच के आसपास लगातार कोयला चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की चोरी से सीसीएल को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होता है, वहीं राज्य सरकार को भी राजस्व की क्षति उठानी पड़ती है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा तथा अवैध खनन और कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

    हालांकि, इस कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि जब इतने बड़े पैमाने पर अवैध कोयला जमा किया गया था और तस्करी के लिए दर्जनों मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल हो रहा था, तब स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली।

    खबरें और भी

    fusro illigal coal

    कोयलांचल क्षेत्र में अवैध तस्करी का मजबूत नेटवर्क

    क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चा है कि लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सीसीएल और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम एक ही अभियान में भारी मात्रा में कोयला और 45 मोटरसाइकिल बरामद कर सकती है, तो यह संकेत है कि बोकारो जिले के कोयलांचल क्षेत्र में अवैध तस्करी का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था।

    लोगों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह भी पता लगाया जाए कि अवैध कारोबार को किसका संरक्षण प्राप्त था और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।