झारखंड में 4 मई तक जमीन संबंधी सभी ऑनलाइन सेवाएं बंद, जानें वजह
Jharkhand Land Services Closed: झारखंड में 4 मई तक जमीन की खरीद-बिक्री, दाखिल-खारिज और रजिस्ट्री सहित सभी ऑनलाइन सेवाएं बंद रहेंगी। यह रोक झारभूमि सर् ...और पढ़ें

झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित सभी प्रकार के कार्य बंद।
जागरण संवाददाता, चास (बोकारो)। चास समेत पूरे झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित सभी प्रकार के कार्य चार मई तक बंद रहेंगे। राजस्व, निबंधन व भूमि सुधार विभाग के उप निदेशक ने संबंधित विभागों को सूचना भेजकर झारभूमि सर्वर के मरम्मत कार्य की जानकारी दी है।
सूचना में बताया गया है कि राज्यभर में जमीन से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाएं चार मई तक पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं। इस दौरान जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री, लगान रसीद कटाई और म्यूटेशन जैसे कोई भी कार्य नहीं हो सकेंगे। यह अस्थायी रोक सरकार द्वारा किए जा रहे एक बड़े तकनीकी अपग्रेडेशन के कारण लगाई गई है।
माइग्रेशन कार्य के चलते सर्वर को डाउन रखा गया है, जिससे आम लोगों को दी जाने वाली नागरिक-केंद्रित सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहेंगी। बताया गया कि झारभूमि पोर्टल पर लाखों लोगों की जमीन का डिजिटल रिकॉर्ड दर्ज है।
इसी कारण सिस्टम पर अधिक दबाव पड़ने से पोर्टल धीमा हो जाता है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। अपग्रेडेशन के बाद जमीन से जुड़े कार्य बिना किसी रुकावट के तेज गति से हो सकेंगे।