30 अगस्त को NEET PG 2026 की परीक्षा, बोकारो में बनाए गए दो केंद्र; कदाचारमुक्त आयोजन के लिए प्रशासन तैयार
NEET PG Exam 2026: डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने 30 अगस्त को होने वाली नीट पीजी परीक्षा के लिए पिंड्राजोरा स्थित क्रिसेंट लैब परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।

पिंड्राजोरा स्थित क्रिसेंट लैब परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करतीं बोकारो की डीडीसी शताब्दी मजूमदार। (फोटो जागरण)
HighLights
डीडीसी ने नीट पीजी परीक्षा केंद्र क्रिसेंट लैब का निरीक्षण किया।
प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
अभ्यर्थियों को असुविधा न हो, सभी तैयारियां समय पर पूरी करें।
जासं, बोकारो। NEET PG 2026 Exam: राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आगामी 30 अगस्त को नीट पीजी-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन आवश्यक तैयारियों में जुटा है।
Bokaro जिले में परीक्षा के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें आयन डिजिटल जोन, चास के ग्राम खमारबेन्दी, चंदनकियारी रोड स्थित केंद्र तथा क्रिसेंट लैब, गवालाडीह मोड़, पुरुलिया रोड, पिंड्राजोरा शामिल हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा ने आयन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
गुरुवार को बोकारो की डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने पिंड्राजोरा स्थित क्रिसेंट लैब परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने परीक्षा केंद्र में प्रकाश की समुचित व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त साइनेज लगाने, साथ ही पेयजल एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा आयोजन से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं की अंतिम रूप से जांच करने का निर्देश दिया। मौके पर डीईओ प्रवीण रंजन, टीसीएस के प्रतिनिधि समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।
