SAIL कर्मचारियों को कितना बोनस मिलेगा? एक अक्टूबर को होगा तय, दुर्गा पूजा से पहले होगा भुगतान
SAIL कर्मियों के बोनस पर 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रबंधन और एनजेसीएस नेताओं के बीच बैठक होगी। इस ...और पढ़ें

नई दिल्ली में प्रबंधन के साथ होगी एनजेसीएस नेताओं की बैठक।
HighLights
सेलकर्मियों के बोनस पर 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में अहम बैठक।
बोनस राशि का भुगतान 5 अक्टूबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में।
लगभग 52 हजार स्थायी व प्रशिक्षु कर्मचारी होंगे इस फैसले से लाभान्वित।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के कर्मियों के बोनस मसौदे पर एक अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रबंधन के साथ एनजेसीएस नेताओं की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता कंपनी के निदेशक (कार्मिक) केके सिंह करेंगे। इसमें श्रमिक संगठनों की ओर से इंटक, एटक, सीटू, बीएमएस और एचएमएस के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच विचार-विमर्श के बाद वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बोनस की देय राशि पर अंतिम सहमति बनने की उम्मीद है। इसके बाद कामगारों को बोनस की राशि पांच अक्टूबर तक उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने की संभावना है।
इससे बोकारो इस्पात संयंत्र सहित सेल की अन्य इकाइयों में कार्यरत करीब 52 हजार स्थायी एवं प्रशिक्षु कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस वर्ष शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है और 20 अक्टूबर को दशहरा है। ऐसे में सेल प्रबंधन ने समय रहते कामगारों के बोनस पर फैसला लेने के लिए एक अक्टूबर को बैठक की तारीख तय की है।
पहली बैठक में बोनस पर होगा फैसला
महारत्न कंपनी सेल में कामगारों को दी जाने वाली बोनस की राशि पर हर हाल में एक अक्टूबर, गुरुवार को अंतिम फैसला होने की उम्मीद है। इसका कारण यह है कि दो अक्टूबर, शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश है।
वहीं, तीन अक्टूबर शनिवार और चार अक्टूबर रविवार को सेल मुख्यालय, नई दिल्ली में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में यूनियन नेताओं के पास बोनस की राशि को लेकर बातचीत के लिए एक अक्टूबर के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं होगा।
इधर, सेल प्रबंधन ने एनजेसीएस के साथ हुए करार के तहत लागू वर्तमान बोनस फार्मूले के आधार पर कामगारों को दी जाने वाली राशि का आकलन शुरू कर दिया है। वर्तमान बोनस फार्मूले के तहत इस वर्ष कामगारों को करीब 29 हजार रुपये बोनस मिलने की संभावना जताई जा रही है।
यूनियन ने अब तक तैयार नहीं किया बोनस का प्रस्ताव
सेलकर्मियों के बोनस के मुद्दे पर एक अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाली बैठक से पहले कंपनी प्रबंधन ने अपनी ओर से दी जाने वाली बोनस राशि का हिसाब-किताब कर लिया है, जबकि यूनियन की ओर से बोनस की मांग को लेकर अब तक कोई प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि बोनस बैठक के दौरान कंपनी की आय और व्यय को देखते हुए राशि का प्रस्ताव प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। हालांकि, उनका यह भी कहना है कि वे सेल प्रबंधन से वर्तमान बोनस फार्मूले को संशोधित कर इस बार कामगारों को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बोनस दिलाने का प्रयास करेंगे।
बता दें कि पिछले साल सेल के स्थायी कर्मचारियों को 29,500 रुपये और प्रशिक्षु कर्मियों को 23,600 रुपये बोनस दिया गया था।
सेलकर्मियों के बोनस के मुद्दे पर एक अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रबंधन के साथ बैठक होगी। बैठक में कंपनी के नफा-नुकसान को देखते हुए बोनस की राशि का प्रस्ताव प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। हमारा प्रयास होगा कि वर्तमान बोनस फार्मूले में संशोधन कर कामगारों को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक राशि बोनस के रूप में दिलाई जा सके।
-डाॅ. जी. संजीव रेड्डी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, इंटक
