SAIL के अस्पतालों में 15 चिकित्सकों की नियुक्ति, बोकारो और दुर्गापुर में चिकित्सकों की कमी होगी दूर
SAIL के बोकारो जनरल अस्पताल और दुर्गापुर मुख्य अस्पताल में कुल 15 नए चिकित्सकों की अनुबंध पर नियुक्ति की गई ...और पढ़ें

SAIL का बोकारो जनरल अस्पातल। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बोकारो जनरल अस्पताल तथा दुर्गापुर मुख्य अस्पताल में कुल 15 नए चिकित्सक अनुबंध पर अपनी सेवा देंगे। इनमें बीजीएच में 6 तो दुर्गापुर के अस्पताल में 9 चिकित्सकों का चयन किया गया है।
पद की अर्हता रखने वाले चिकित्सकों का अंतिम परीक्षा परिणाम आज जारी कर दिया गया। नव चयनित चिकित्सकों का मेडिकल टेस्ट करने के बाद इन्हें 28 अगस्त तक नियुक्ति पत्र सौंप दिया जाएगा। जिसके बाद वे एक सितंबर से बीजीएच व दुर्गापुर के अस्पताल में मरीजों के बीच अपनी सेवा देने लगेंगे।
हालांकि बोकारो जनरल अस्पताल में अनुबंध पर कुल 9 चिकित्सकों को बहाल किया जाना था। इनमें हड्डी रोग विभाग में दो, शिशु रोग विभाग में एक, एनेस्थीसिया विभाग में एक विशेषज्ञ चिकित्सक के अलावा जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पांच पद के लिए 16 जुलाई 2026 को बीजीएच के ईडी मेडिकल सम्मेलन कक्ष में उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया है।
इनमें जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पांच पद के साथ हड्डी रोग विभाग में मात्र एक चिकित्सक का ही चयन हो सका, शेष चिकित्सक के अन्य सभी पद रिक्त ही रह गए। चिकित्सकों का चयन एक साल के लिए अनुबंध पर किया जाएगा, जहां उनके कार्यप्रणाली को देखते हुए इसकी मियाद दो साल के लिए और बढ़ाई जा सकती है।
इस दौरान उन्हें सम्मानजनक वेतनमान के साथ रहने के लिए कंपनी का आवास, मोबाइल फोन तथा निशुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी।
भिलाई में 19 अगस्त को होगा उम्मीदवारों का साक्षात्कार
सेल के भिलाई अस्पताल में कुल 7 नए चिकित्सकों को अनुबंध पर बहाल किया जाना है। इनमें जनरल मेडिसिन विभाग में एक, चर्म रोग विभाग में एक, ईएनटी विभाग में एक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में दो तथा जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पद पर एक चिकित्सक का चयन किया जाएगा।
पद की अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों का साक्षात्कार 19 अगस्त 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विकास भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 69 वर्ष निर्धारित की गई है।
इनमें पीजी डिप्लोमा की डिग्री वाले चिकित्सक को 1 लाख 20 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 40 हजार रुपये तथा पीजी डिग्री वाले चिकित्सक को 1 लाख 60 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 80 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के तौर पर दिया जाएगा।
इसके अलावा इन्हें रहने के लिए कंपनी का आवास, मोबाइल फोन तथा उपचार की सुविधा भी दी जाएगी। बीजीएच सहित सेल के अस्पताल से सेवानिवृत हुए चिकित्सकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
बीजीएच व दुर्गापुर में बहाल होने वाले चिकित्सकों की सूची
बोकारो जनरल अस्पताल में जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पद पर डा. अंशु कुमार, डा. गौरव कुमार, डा. सैफाली राय शर्मा, डा. सौरव कुमार, डा. सुमित कुमार तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ के पद पर डा. सौरव कुमार का चयन किया गया है।
इसी प्रकार दुर्गापुर मुख्य अस्पताल में जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर के पद पर डा. स्मृति कुमारी आनंद, डा. प्रकाश गोराई, डा. अवनि कमार, डा. सुकाल हांसदा, शल्य रोग विशेषज्ञ के पद पर डा. शुभांकर चक्रवर्ती व डा. सुस्मिता, हड्डी रोग विशेषज्ञ के पद पर डा. जयदीप त्रिपाठी, शिशु रोग विशेषज्ञ के पद पर डा. रिजू आचार्य तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ के पद पर डा. इंद्रानी भट्टाचार्य को नियुक्त किया जा रहा है।
