विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: एक ही ट्रक ने 2 बाइकों में मारी टक्कर, रांची के जैप जवान की हुई मौत

Published: Fri, 04 Apr 2025 11:20 PM (IST)

Bokaro Road Accident फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रांची के जैप जवान सोमनाथ टोप्पो की मौत ...और पढ़ें

घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. बेरमो थाना क्षेत्र के चपरी ढलान पर हादसा, तीन घंटे तक मुख्य मार्ग रहा जाम
  2. रांची से बाइक से जा रहे थे ड्यूटी

संवाद सहयोगी, फुसरो (बोकारो)। बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग पर अमलो चेकपोस्ट के समीप चपरी ढलान में शुक्रवार को सीमेंट लदा ट्रक संख्या जेएच 10 एबी 0621 की चपेट में आने से रांची निवासी जैप-5 के जवान 41 वर्षीय सोमनाथ टोप्पो की मौत हो गई।

जबकि जेएसएलपीएस में बीपीओ रांची निवासी 43 वर्षीय हेमंत निर्मल टोपनो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।

घायल व्यक्ति के दोनों पैर और दाहिना हाथ टूट गया है एवं माथे पर गहरी चोट आई है। जैप जवान बाइक से ही रांची से देवघर ड्यूटी पर जा रहा था। घायल युवक भी अन्य बाइक से रांची से गिरिडीह ड्यूटी पर जा रहा था।

लोगों ने सड़क किया जाम

उधर, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की।

जानकारी मिलने के बाद बेरमो सीओ संजीत सिंह, बेरमो थाना प्रभारी रोहित सिंह, ढोरी जीएम रंजय सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर ब्रेकर लगाने, बैरिकेडिंग लगाने, चालकों का लाइसेंस चेक करने और मार्ग का चौड़ीकरण करने की मांग की।

मृतक जवान सोमनाथ टोप्पो। (फाइल फोटो)

जिसपर अंचलाधिकारी सिंह ने कहा कि सड़क पर ब्रेकर लगाया जाएगा, चपरी और फुसरो हिंदुस्तान पुल के समक्ष जवानों को तैनात कर वाहन चालकों का लाइसेंस और ओवरलोड वाहनों की जांच की जाएगी।

साथ ही सड़क चौड़ीकरण को लेकर जेसीबी से सड़क किनारे अवस्थित पेड़ों की कटाई शुरू की गई। यहां लगभग तीन घंटे बाद मार्ग को चालू कराया गया।

तेजी से ट्रक चला रहा था चालक

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रांची हटिया के बालसिरिंग गांव निवासी जैप जवान सोमरा टोप्पो के 41 वर्षीय पुत्र सोमनाथ टोप्पो अपनी बाइक संख्या जेएच01 ईवाई 1736 से रांची से देवघर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे।

वहीं, रांची के ही 43 वर्षीय हेमंत टोपनो अपनी बाइक संख्या जेएच 01 डीडी 5072 से गिरिडीह के पीरटांड (ब्लाक कर्मी) अपने कार्य पर जा रहे थे।

तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से सीमेंट से लदा ट्रक संख्या जेएच 10 एबी 0621 ने दोनों बाइकों को चपेट में ले लिया। जिससे जैप जवान सोमनाथ टोप्पो की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि हेमंत टोपनो घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चपरी ढलान पर डुमरी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार सीमेंट ट्रक संख्या जेएच 10 एबी 0621 ने एक अन्य ट्रक संख्या जेएच जेएच 10 एएक्स 6463 से ओवरटेक कर पास लिया और सामने से आ रहे दोनों बाइक चालक को टक्कर मार दी।

लोगों ने ट्रक और चालक को पकड़ा

वहीं, घटना के बाद भाग रहे एक ट्रक जेएच 10 एएक्स 6463 को स्थानीय लोगों ने पीछा कर फुसरो ओवर ब्रिज के सामने पकड़ा और ट्रक के साथ चालक को बेरमो पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क को जाम कर दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बेरमो थाना पुलिस ने दोनों ट्रक को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।

लोगों ने ट्रक और चालक को पकड़ा।

वहीं, देर शाम को बेरमो पुलिस ने मृतक जैप जवान सोमनाथ टोप्पो के स्वजनों के आने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए चास भेज दिया। जहां से स्वजन शव को रांची ले जाएंगे।

इस मौके पर आजसू नेता संतोष कुमार महतो, ट्रक ओनर एसोसिएशन के राजन साव, रोशन सिंह, मानिक दिगार, महारूद्र सिंह, बिनोद चौहान, महेंद्र सिंह, आशुतोष सिंहा आदि लोग मौजूद थे।

यह भी पढ़ें-

Jharkhand Road Accident: पलामू में भीषण सड़क हादसा, दीवार से टकराई बाइक, 2 की मौत और 1 घायल

Jharkhand News: मुखिया के घर टूटा दुखों का पहाड़, बाइक एक्सीडेंट में बड़े बेटे की मौत; एक अन्य घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।