भाजपा कार्यकर्ताओं पर विद्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रही झारखंड सरकार, अवैध खनन के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी
झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विद्वेषपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने भाजयुमो कोषाध्यक्ष श्रीनि ...और पढ़ें

प्रदेश सरकार पर भाजपा नेताओं को फंसाने का आरोप, आदित्य साहू ने की रिहाई की मांग।
HighLights
आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर विद्वेषपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।
भाजयुमो कोषाध्यक्ष श्रीनिवास, काली यादव की बिना शर्त रिहाई मांगी।
चतरा में अवैध खनन, कोयला परिवहन के खिलाफ आंदोलन की घोषणा।
जागरण टीम, चतरा/गिद्धौर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बुधवार को चतरा दौरे के दौरान राज्य सरकार पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विद्वेषपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी काली यादव की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए उनकी बगैर शर्त रिहाई की मांग की। जेल में बंद भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
आरोप लगाया कि अवैध खनन के साथ-साथ हत्या, लूट, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जबकि सरकार विपक्ष के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता का माहौल है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद चतरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन तथा कोयला परिवहन के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खबरें और भी
इससे पूर्व आदित्य साहू और स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह ने जेल में बंद भाजपा नेताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद वे सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण यादव के आवास विराजपुर गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर चतरा सांसद काली चरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता, जिला महामंत्री कपिल पासवान व मृत्युंजय सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रदीप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष विनय सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के लातेहार प्रभारी दिनेश्वर राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
न्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा : साहू
आदित्य साहू का बुधवार को चतरा जाने के क्रम में गिद्धौर प्रखंड के बलबल स्थित मां बागेश्वरी मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मंडल कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। स्वागत के बाद प्रदेश अध्यक्ष चतरा पहुंचे। मीडिया से बातचीत में आदित्य प्रसाद साहू ने राज्य सरकार पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, मंडल महामंत्री प्रीतम कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष कपिल कुमार एवं बिंदेश्वरी यादव, युवा मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार दांगी, मनोज कुमार कुशवाहा, लखन दांगी, राजेंद्र दांगी, अमीर दांगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।