Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में बगरामोड़-पांकी सड़क से बदलेगी तस्वीर, केंद्र को भेजा गया 15 नई परियोजनाओं का प्रस्ताव

    Updated: Wed, 08 Apr 2026 04:30 PM (IST)

    झारखंड सरकार ने बगरामोड़-पांकी वाया लावालौंग सड़क निर्माण योजना का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। यह योजना 15 सड़क परियोजनाओं में से एक है, जिस पर 3848.3 ...और पढ़ें

    सड़क परियोजना। फाइल फोटो

    सड़क परियोजना। फाइल फोटो

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जुलकर नैन, चतरा। चतरा से पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय डालटनगंज की दूरी अब कम हो जाएगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि व्यापार का दायरा भी बढ़ेगा।

    दरअसल, झारखंड सरकार ने बहुप्रतीक्षित बगरामोड़-पांकी वाया लावालौंग सड़क निर्माण योजना को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को प्रेषित किया गया है।

    स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह के आग्रह पर सड़क निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने 30 मार्च 2026 को इस योजना की स्वीकृति के लिए केंद्र को पत्र भेजा। बगरामोड़–पांकी पथ के साथ कुल 15 सड़क योजनाओं का प्रस्ताव भेजा गया है।

    इन योजनाओं में चतरा के अलावा गिरिडीह, देवघर, दुमका, लातेहार, जमशेदपुर, पाकुड़, कोडरमा, धनबाद, डालटनगंज और चाईबासा जैसे जिले शामिल हैं।

    उल्लेखित जिलों में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत 325.777 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण पर 3848.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य सड़क और पुल निर्माण कार्यों को नई गति देना है, ताकि आधारभूत संरचना मजबूत हो सके।

    इन योजनाओं का चयन जनप्रतिनिधियों के सुझाव और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। खासतौर पर सांसदों और विधायकों द्वारा सुझाए गए मार्गों के साथ-साथ रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़कों को प्राथमिकता दी गई है।

    अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं के लागू होने से दूर-दराज क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

    विशेष रूप से ग्रामीण और पिछड़े इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ने पर जोर दिया गया है, जिससे आवागमन सुगम होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

    क्या कहते हैं सांसद?

    यह बहुप्रतीक्षित मांग है। इसे मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट कहा जा सकता है। चुनाव जीतने के बाद से ही मैं इस दिशा में प्रयासरत हूं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। इस सड़क के बन जाने से चतरा से पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय की दूरी करीब 50 किलोमीटर कम हो जाएगी। बगरामोड़–पांकी पथ की कुल लंबाई 46.410 किलोमीटर है। -कालीचरण सिंह, सांसद, चतरा