Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा में दिनदहाड़े एक लाख की छिनतई, बैंक से लौट रहे बुजुर्ग को बनाया निशाना

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 04:23 PM (IST)

    चतरा में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग से बैंक से निकाले गए एक लाख रुपये और मोबाइल फोन से भरा बैग छीन लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों ...और पढ़ें

    चतरा में दिनदहाड़े एक लाख रुपये की छिनतई हुई। जागरण

    चतरा में दिनदहाड़े एक लाख रुपये की छिनतई हुई। जागरण

    संवाद सहयोगी, चतरा। मंगलवार दोपहर शहर में दिनदहाड़े हुई छिनतई की वारदात ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के नगवां मोहल्ला निवासी रामाधीन दांगी से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के बाहर एक लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।

    घटना दोपहर करीब 12:56 बजे की बताई जा रही है। रामाधीन दांगी हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के दादपुर बैंक से एक लाख रुपये की निकासी कर घर लौट रहे थे। वह जैसे ही अपने घर के बाहर पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

    पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि बैग में एक लाख रुपये नकद के अलावा उनका मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

    खबरें और भी

    अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बैंक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने तथा शहर में नियमित गश्ती तेज करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

    थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर व्यापक छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है।