Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा में राहुल दुबे गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार, कोयला कारोबारी से लेवी वसूली की साजिश नाकाम

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 03:31 PM (IST)

    चतरा पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। ये अपराधी कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने के लिए फायरिंग कर दहशत फै ...और पढ़ें

    चतरा में कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की थी तैयारी।

    चतरा में कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की थी तैयारी।

    HighLights

    1. राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधी हथियार सहित गिरफ्तार।

    2. कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की थी साजिश।

    3. चतरा पुलिस ने समय रहते उनकी योजना विफल की।

    संवाद सूत्र, चतरा। टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राहुल दुबे गैंग से जुड़े तीन अपराधियों को हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है।

    प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित कोयला कारोबारियों से लेवी वसूली के उद्देश्य से क्षेत्र की रेकी कर रहे थे तथा दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी साजिश समय रहते विफल हो गई।

    मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

    सूचना मिलते ही छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने कारो गांव में घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बोकारो जिले के संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह तथा हजारीबाग जिले के अजय करमाली के रूप में हुई है।

    पूछताछ में तीनों के राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार अपराधी चतरा जिला के आम्रपाली, पिपरवार, अशोका व राजधर साइडिंग, रांची के खेलारी, रामगढ़ के बरकाकाना व कुजू एवं हजारीबाग जिला के केरेडारी साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

    खबरें और भी

    इसके बाद फायरिंग कर भय का माहौल बनाकर लेवी वसूलने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

    बरामद हथियारों के स्रोत और अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

    एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी दल में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।