चतरा में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, कई फेमस ब्रांड के नकली बोतल जब्त, 6 गिरफ्तार
Jharkhand चतरा पुलिस ने इटखोरी के गुल्ली पार गढ़ा में एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो गाड़ियों ...और पढ़ें

चतरा में नकली शराब बनाने वाले छह गिरफ्तार।
HighLights
चतरा पुलिस ने अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
दो गाड़ियों से 16 पेटी अवैध शराब जब्त, छह गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, इटखोरी (चतरा)। थाना क्षेत्र के गुल्ली पार गढ़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार की रात करीब 8:05 बजे की गई।
इस संबंध में डीएसपी अमिता लकड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को सूचना मिली थी कि गुल्ली से चौपारण की ओर अवैध अंग्रेजी शराब लदी गाड़ी जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए इटखोरी के नंगवा पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार और बिना नंबर की सफेद रंग की फ्रॉन्क्स कार को रोका गया। तलाशी पर दोनों गाड़ियों से कुल 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
प्रतिष्ठित ब्रांड की नकल करते थे
मौके से अवैध शराब ले जाने में वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर गुल्ली पार गढ़ा स्थित अभियुक्त नितेश यादव के घर पर छापेमारी की गई।
वहां से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले ढक्कन, स्टीकर, खाली बोतलें, प्लास्टिक ड्रम, तरल पदार्थ समेत अन्य सामग्री बरामद की गई, जिससे अवैध मिनी शराब फैक्ट्री के संचालन का खुलासा हुआ। डीएसपी ने बताया कि जब्त शराब में सिग्नेचर, आइकोनिक व्हाइट, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंजर सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में नितेश यादव (25), संजय कुमार यादव (22), शौर्य कुमार दांगी (19), अभिषेक कुमार राणा (25), सतीश कुमार रजक (21) और टिंकू रविदास (25) शामिल हैं।
ज्वेलरी शॉप में चोरी का भी है अभियुक्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने इटखोरी थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में चोरी करने के प्रयास में संलिप्त होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस इस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े होने की भी जांच कर रही है।
खबरें और भी
पुलिस ने इस संबंध में इटखोरी थाना में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डीएसपी अमिता लकड़ा ने कहा कि जिले में अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में छापामारी दल में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, मयूरहंड थाना प्रभारी आशिष प्रसाद, एएसआई पंकज कुमार, एएसआई भगवान गौड़, तिलेश्वर यादव, राजीव कुमार सिंह और राजू उरांव शामिल थे।