चतरा को जल्द मिलेगी नई ट्रेनों की सौगात! रेलवे की बैठक में इन 3 बड़े प्रोजेक्ट्स की हुई समीक्षा
पूर्व मध्य रेलवे की क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर चर्चा हुई। सांसद प्रतिनिधि सुशील कुमार सिंह ने च ...और पढ़ें

चतरा-शिवपुरी-कठौतिया रेल लाइन व गया-चतरा सर्वे की प्रगति पर मांगी जानकारी।
HighLights
चतरा की रेल परियोजनाओं पर बैठक में हुई चर्चा।
चंदवा फ्लाईओवर और नई रेल लाइन की प्रगति पर सवाल।
चतरा-गया रेल सर्वे शीघ्र पूरा करने का आग्रह।
संवाद सहयोगी, गिद्धौर (चतरा)। पटना स्थित होटल मौर्य में मंगलवार को पूर्व मध्य रेलवे (ECR) की क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में यात्री सुविधाओं और नए रेल रूटों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में हाजीपुर और धनबाद रेल मंडल के समिति सदस्यों के साथ चतरा के सांसद प्रतिनिधि सुशील कुमार सिंह ने भी भाग लिया और चतरा जिले से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं लंबित रेल परियोजनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
इन 3 बड़ी रेल परियोजनाओं पर हुई मुख्य चर्चा
- चंदवा रेल फ्लाईओवर: सांसद प्रतिनिधि सुशील कुमार सिंह ने चंदवा में निर्माणाधीन रेल फ्लाईओवर कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की।
- चतरा-शिवपुरी-कठौतिया नई रेल लाइन: क्षेत्र की इस बहुप्रतीक्षित नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद प्रतिनिधि ने परियोजना के विभिन्न चरणों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र रेल सेवा का लाभ मिल सके।
- चतरा-गया नई रेल लाइन (सर्वेक्षण): बैठक में इस नई रेल लाइन परियोजना के लिए कराए जा रहे सर्वे की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली गई। प्रतिनिधि ने अधिकारियों से सर्वे कार्य को शीघ्र पूरा कर आगे की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना की समीक्षा
समिति की बैठक में चतरा के अलावा रेलवे से जुड़े अन्य विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना (Infrastructure) के सुदृढ़ीकरण तथा लंबित परियोजनाओं की प्रगति की भी व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक में मौजूद रेलवे के उच्चाधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान और अद्यतन स्थिति से समिति के सदस्यों को अवगत कराया। साथ ही रेल प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी विकास कार्यों और परियोजनाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।