ब्रिक्स सम्मेलन में बम ब्लास्ट की धमकी मामले में हिरासत में आरोपी, देवघर में गुजरात पुलिस का एक्शन
ब्रिक्स सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में गुजरात पुलिस देवघर पहुंची। इस जांच ...और पढ़ें

एक युवक हिरासत में
HighLights
गुजरात पुलिस ब्रिक्स सम्मेलन बम धमकी की जांच कर रही है।
देवघर से एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी का मामला।
जागरण संवाददाता, देवघर। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में बम धमाका करने और गुजरात के गांधी नगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने के मामले में देवघर से एक युवक को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित गुलशन चौहान मूल रूप से बिहार के जमुई जिला के नगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का रहने वाला है।
वर्तमान में वह देवघर नगर थाना क्षेत्र के ठाढ़ी रोड स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। उसे गिरफ्तार गुजरात के गांधीनगर के साइबर सेंटर ऑफ एक्सेलेंस सीआईडी क्राइम सेल के पुलिस इंस्पेक्टर एमबी पटेल तीन सदस्यीय टीम के साथ देवघर नगर थाना पहुंचे।
यहां की टीम की मदद से आरोपित गुलशन को उसके ससुराल से पकड़ा गया। बाद में पूछताछ करने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गुजरात पुलिस की टीम यहां से रवाना हो गयी।
आईटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज
जानकारी हो कि इस घटना को लेकर गांधी नगर में 10 सितंबर को आईटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। मामला देश की सुरक्षा और ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस तत्काल हरकत में आ गयी।
बताया जाता है कि वहां की पुलिस को एक मेल प्राप्त हुआ था। जिसमें ब्रिक्स सम्मेलन में आइ फोन व एनेरायड फोन के बैट्री का इस्तेमाल कर धमाका करने व गांधी नगर सचिवालय को उड़ाने की धमकी दी गयी थी। इसी आलोक में वहां की पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले एक युवक को पकड़ा। उससे पूछताछ के आधार पर गुलशन को पकड़ा गया।
धमकी देने में प्रयोग किया गया मेल आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने का आरोप
गिरफ्तार गुलशन पर धमकी देने के लिए मेल आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने का आरोप है। जानकारी हो कि मेल मिलने के बाद गांधी नगर की पुलिस ने मामला दर्ज किया। उसके बाद वहां की पुलिस ने रौशन नाम के एक युवक को पकड़ा।
पूछताछ के क्रम में उसने गुलशन को नाम लिया। उसने बताया कि मेल आइडी और पासवर्ड उसे गुलशन ने उपलब्ध कराया था। उसी आधार पर अब गुलशन को गिरफ्तार किया गया है। गुजरात पुलिस अब इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। गुलशन की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। इसी सिलसिले में गुलशन को गिरफ्तार किया गया है।
सॉफ्टवेयर डेवलपर है गुलशन
बताया जाता है कि गुलशन मूल रूप से जमुई जिला के दौलतपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह अपने ससुराल में रहता था। वह पढ़ने में काफी तेज है। वह पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह सॉफ्टवेयर डेवल्पर का काम करता है। पहले वह अच्छा काम करता था। लेकिन लाक डाउन से उसकी माली हालत गड़बड़ा गयी थी।
इस मामले में भी उसने मेल भेजने वाले मुख्य आरोपित को मेल आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने काम किया था। अब पुलिस रौशन व गुलशन के संबंध की जांच करने में जुटी है। साथ ही इस मेल को क्यों और किस मकसद से भेजा गया इसकी भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपित एक दूसरे के संपर्क में कैसे आए इसकी भी जांच की जा रही है। हालांकि इस बारे में गुजरात पुलिस की टीम ने कुछ भी नहीं बताया।
गुजरात की पुलिस टीम ने देवघर से गुलशन नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिला का रहने वाला है। वर्तमान में वह देवघर में रह रहा था। उसके उपर बम धमाका से जुड़ा मेल भेजने के मामले में संलिप्तता होने की बात सामने आयी है। उसे गुजरात पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गयी है। - प्रवीण पुष्कर, एसपी देवघर।
