Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घर बैठे पाएं बाबा बैद्यनाथ का पवित्र प्रसाद, डाक विभाग देवघर की नई सुविधा; साइबर फ्रॉड से भी बचाव

    Updated: Fri, 29 May 2026 07:31 PM (IST)

    डाक विभाग ने श्रावणी मेला 2026 से पहले देशभर के श्रद्धालुओं के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम का प्रसाद घर बैठे मंगवाने की सुविधा शुरू की है। 251 या 501 रुपये ...और पढ़ें

    यह पहल साइबर धोखाधड़ी से बचाकर भक्तों को राहत देगी। (फोटो: जागरण)

    यह पहल साइबर धोखाधड़ी से बचाकर भक्तों को राहत देगी। (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. डाक विभाग ने बाबा बैद्यनाथ प्रसाद घर पहुंचाने की सुविधा शुरू की।

    2. इलेक्ट्रॉनिक मनी ऑर्डर से 251 या 501 रुपये में प्रसाद मंगाएं।

    संवाद सूत्र, देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर बाबा नगरी देवघर पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है। सावन की पहली सोमवारी के साथ ही एक बार फिर लाखों कांवरियों की भीड़ बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ेगी।

    इसी बीच भारतीय डाक विभाग ने देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत अब घर बैठे बाबा बैद्यनाथ धाम का पवित्र प्रसाद प्राप्त किया जा सकेगा।

    देवघर प्रधान डाकघर द्वारा शुरू की गई इस सुविधा के माध्यम से श्रद्धालु इलेक्ट्रानिक मनी ऑर्डर भेजकर बाबा धाम का प्रसाद अपने घर मंगवा सकेंगे।

    डाक विभाग की इस पहल को खासकर उन श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जो उम्र, बीमारी, आर्थिक परेशानी या दूरी के कारण देवघर नहीं पहुंच पाते।

    डाक विभाग के अनुसार प्रसाद दो श्रेणियों में उपलब्ध कराया जाएगा। 251 में लगभग 200 ग्राम तथा 501 में लगभग 500 ग्राम प्रसाद भेजा जाएगा। प्रसाद पैकेट में पेड़ा के साथ कलावा, चूड़ा, इलायची दाना, सिंदूर, विभूति, बेलपत्र तथा बाबा बैद्यनाथ धाम के शिवलिंग का चित्र भी शामिल रहेगा।

    राशि प्राप्त होने के अधिकतम दो दिनों के भीतर प्रसाद स्पीड पोस्ट से भेज दिया जाएगा। हाल के वर्षों में ऑनलाइन प्रसाद और विशेष पूजा के नाम पर बढ़ते साइबर फ्राॅड को देखते हुए यह सरकारी पहल श्रद्धालुओं के लिए भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आई है।

    इंटरनेट मीडिया और फर्जी वेबसाइटों के जरिए ठगी की कई घटनाएं सामने आने के बाद डाक विभाग ने आधिकारिक व्यवस्था के तहत यह सेवा शुरू की है।

    डाक अधीक्षक एसके मिश्रा ने बताया कि यह व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने यह पहल शुरू की है।

    अब देश के किसी भी हिस्से के भक्त घर बैठे बाबा बैद्यनाथ धाम का पवित्र प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे। विभाग की पूरी प्रक्रिया सरकारी निगरानी में होगी, जिससे साइबर फ्रड की संभावना बेहद कम रहेगी।

    उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रसाद मंगवाने के लिए केवल आधिकारिक डाक व्यवस्था का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान लिंक या निजी नंबर पर भुगतान करने से बचें।

    श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच डाक विभाग की यह पहल अब चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ओर जहां देवघर में लाखों कांवरियों के स्वागत की तैयारी चल रही है। वहीं दूसरी ओर बाबा का प्रसाद देशभर के घरों तक पहुंचाने की यह व्यवस्था आस्था और तकनीक के अनोखे संगम के रूप में देखी जा रही है।

    खबरें और भी