रक्षा बंधन के साथ थमा देवघर श्रावणी मेले का शोर, अरघा हटा; बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा शुरू
देवघर में एक महीने तक चलने वाला राजकीय श्रावणी मेला संपन्न हो गया है, जिसके बाद बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा शुरू हो गई है।

श्रावणी मेला खत्म होते ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा शुरू। (फोटो सौजन्य)
HighLights
श्रावणी मेला संपन्न, बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा शुरू हुई।
डीसी, एसपी ने मेले के सफल समापन पर विशेष पूजा की।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया, भादो मेला की तैयारी।
जागरण संवाददाता, देवघर। एक महीना तक चलने वाला देवघर श्रावणी मेला का शोर रक्षा बंधन के डोर बंधते ही थम गया। शुक्रवार को दोपहर बाद परंपरा के मुताबिक विशेष पूजा के साथ अरघा हटा दिया गया और स्पर्श पूजा शुरू हो गई।
अब देवघर आने वाले भक्त स्पर्श पूजा कर सकेंगे। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में एक माह तक चलने वाले राजकीय श्रावणी मेला के अंतिम दिन मेला के सफलता पूर्वक समापन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा की गयी।
जिसके पश्चात अरघा हटाया गया। अरघा हटने के बाद उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार विधि से पूजा की गयी।
उपायुक्त ने मेला के सफल व बेहतर तरीके से संपन्न होने के लिए बाबा काे नमन कर आभार जताया। साथ ही पूजा के बाद मां तारा मंदिर से डीसी, एसपी समेत सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।
श्रावणी मेला के अंतिम दिन सावन पूर्णिमा पर बाबा मंदिर में कांवरियों की भीड़ थोड़ी कम रही। सभी कांवरियों को फुट ओवरब्रिज से प्रवेश कराया गया। दोपहर बाद अरघा हटाने एवं बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं ने भी बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा की।
पूजा अर्चना के बाद बातचीत के दौरान उपायुक्त ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का निष्पादन सफलतापूर्वक किया गया। मेले में आने वाले सभी देवतुल्य श्रद्धालुओं को सुगमता पूर्वक जलार्पण कराया गया । आज बाबा की विशेष पूजा अर्चना कर उन्हें धन्यवाद व्यक्त किया ।
उन्होंने कहा कि भादो मेला शुरू होने वाला है जिसको लेकर सारी तैयारी कर ली गई है । पूर्व की तरह ही मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कतार व्यवस्था के साथ पूजा अर्चना कराया जाएगा। भादो मेला में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो मजिस्ट्रेट एवं पुलिस के द्वारा श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा।
