देवघर श्रावणी मेला: अब एक QR कोड से दूर होगी कांवड़ियों की परेशानी, रविवार को भी चलेगी मधुपुर-कोडरमा पैसेंजर
देवघर श्रावणी मेला के लिए प्रशासन और रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें कांवड़ियों की सुविधा के लिए डिजिटल QR कोड शिकायत प्रणाली शुरू की गई है। ...और पढ़ें

पहली बार क्यूआर कोड में अपडेट किया गया लोकेशन, श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू हो रहा है।
HighLights
कांवड़ियों की शिकायतों के लिए डिजिटल QR कोड प्रणाली शुरू।
QR कोड स्कैन कर फोटो, वीडियो, ऑडियो भेज सकेंगे।
मधुपुर-कोडरमा पैसेंजर ट्रेन सावन में रविवार को भी चलेगी।
जागरण संवाददाता, देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर देवघर जिला प्रशासन और रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार देवघर आने वाले शिवभक्तों की हर सुविधा का ख्याल रखते हुए कई डिजिटल और बुनियादी सुधार किए गए हैं।
अब कांवड़यों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी सूचना केंद्र या प्रशासनिक शिविर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डिजिटल युग में पलक झपकते ही समस्याओं का समाधान मिलेगा।
QR कोड स्कैन करें, ऑडियो-वीडियो भेजें और टेंशन फ्री हो जाएं
जिला प्रशासन ने इस साल QR स्कैन सिस्टम को और ज्यादा अपडेट किया है। मेला क्षेत्र के हर होल्डिंग पॉइंट और कांवरिया कॉरिडोर में QR कोड के डिस्प्ले लगाए जाएंगे।
- ऐसे काम करेगी तकनीक: यदि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य, सफाई, पानी या बिजली जैसी किसी भी सुविधा में कोई समस्या आती है, तो वे अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर फोटो, वीडियो या ऑडियो मैसेज अपलोड कर सकेंगे।
- ऑटो-लोकेशन ट्रेस: इस बार लोकेशन तकनीक को अपडेट किया गया है, जिससे QR कोड स्कैन होते ही श्रद्धालु की सटीक लोकेशन संबंधित विभाग के पास चली जाएगी।
- अधिकारियों की सीधी निगरानी: इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम (ICMR) के डैशबोर्ड पर शिकायत आते ही संबंधित विभाग एक्टिव हो जाएगा। इस पूरे सिस्टम और डैशबोर्ड की निगरानी मोबाइल के जरिए जिले के आला अधिकारी खुद करेंगे।
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रविवार को भी चलेगी मधुपुर-कोडरमा पैसेंजर
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी बड़ा फैसला लिया है। मधुपुर-कोडरमा रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कोडरमा-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन अब सावन के महीने में रविवार को भी चलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे (हाजीपुर जोन और धनबाद मंडल) द्वारा अधिकारियों के निरीक्षण के बाद यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। अब तक यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलती थी, लेकिन सावन भर यह ट्रेन सातों दिन पटरी पर दौड़ेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
29 जुलाई को उद्घाटन, 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश
गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। मेला का विधिवत उद्घाटन 29 जुलाई को बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित कांवरिया पथ दुम्मा में किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक हर हाल में सभी काम पूरे करने का सख्त निर्देश दिया गया है।