30 जुलाई से शुरू होगा देवघर श्रावणी मेला 2026: मंत्री ने निरीक्षण, सुरक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर
Deoghar Shravani Mela:पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियों का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियों का निरीक्षण करते मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 30 जुलाई से आरंभ हाे रहा है। शनिवार को नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर समेत अधिकारियों संग श्रावणी मेला की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया।
पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि अस्पताल और हेल्थ सेंटर में डाक्टर रहें तथा एम्बुलेंस प्रत्येक लोकेशन पर रहे। एनडीआरएफ की टीम और प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे। सभी थाना और ओपी संवेदनशील रहें। पार्किंग और यातायात में कोई समस्या न आये।
होल्डिंग प्वाइंट और आध्यात्मिक भवन में कराएं बेहतर सुविधा
कांवरिया पथ पर बने आध्यात्मिक भवन के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के होल्डिंग प्वाइंट व भीड़ को व्यवस्थित करने के दृष्टिकोण से आध्यात्मिक भवन काफी महत्वपूर्ण स्थल है। यहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मुहैया करायी जाय।
आध्यात्मिक भवन के हाल में बेड लगवाया जाय। साथ ही कारपेट भी बिछवाया जाय। शौचालय, स्नानागार व मोबाइल चार्जर आदि की बेहतर व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
स्वच्छता और विनम्रता श्रावणी मेला की मूल संवेदना रहनी चाहिए। देश दुनिया से जो भी आये वह एक अच्छा संदेश लेकर जाएं। साफ सफाई का प्रबंधन इस प्रकार हो कि वे एक जगह न रहकर सभी ओर रहे और लगातार साफ सफाई होती रहे।
खबरें और भी
मंत्री ने कहा कि पूरे क्षेत्र में चाक चौबंद व्यवस्था रहे। पूरे शहर में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ रोशनी रहे। कहीं भी अंधेरा ना रहे। आइएसबीटी, कोठिया स्थित टेंट सिटी एवं वाहन पड़ाव स्थल, सेवा शिविर, विद्युत, शौचालय, पेयजल व अन्य सुविधाओं को जाना।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने दुम्मा बार्डर से निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को दी जाने पेयजल, स्नानागार, मोबाइल चार्जिंग, भक्तिमय मनोरंजन, स्वास्थ्य सुविधा, सूचना सह सहायता केंद्र, साफ-सफाई, अतिक्रमण मुक्त कांवड़िया पथ, रंग रोगन आदि का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशि दिया कि रुटलाइन में सभी सुविधाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीक़े से कराएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
मेला में समर्पण भाव से करें कार्य
निरीक्षण के बाद परिसदन में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि समर्पण भाव से कार्य करें। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बनाये जाने वाले ओपी, ट्रैफिक ओपी, स्वास्थ्य केन्द्र, सूचना सह सहायता केन्द्र, विद्युत केन्द्र, पर्यटन केन्द्र, मातृत्व विश्राम गृह के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा पर विस्तार से चर्चा किया।
मेला क्षेत्र में पथ प्रकाश, साज-सज्जा, तोरण द्वार एवं विद्युत आपूर्ति को लेकर सुरक्षात्मक उपायों के अलावा वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था की स्थिति को दुरूस्त करने का निर्देश दिया।आवासन में कोई परेशानी नहीं हो। गर्मी और उमस से निजात के मकसद से मिस्ट कूलिंग और इंद्र वर्ष की संख्या में इजाफा करने का निर्देश दिया गया।
देवघर और बासुकीनाथ के बीच आवागमन में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसको लेकर जिला स्तर के अधिकारियों एवं नेशनल हाइवे के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें।
फीड बैक सिस्टम को बेहतर बनाएं रखें
उन्होंने मेला क्षेत्र में क्यू आर कोड के माध्यम से फीडबैक सिस्टम को बेहतर तरीके से मेला में उपयोग करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को होने वाली समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया जा सके। जिसके पश्चात संबंधित विभाग के द्वारा त्वरित समस्याओं का निराकरण किया जा सके।
परिसदन की बैठक में थे मौजूद
देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर, सचिव ऊर्जा विभाग, सचिव भवन निर्माण, सचिव पर्यटन कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, सचिव आपदा प्रबंधन प्रभाग, सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, अवर सचिव वित विभाग, पर्यटन निदेशक, संथाल परगना कमिश्नर, पुलिस उप महानिरीक्षक दुमका, जेटीडीसी के एमडी, संयुक्त निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, पुलिस अधीक्षक देवघर, पुलिस अधीक्षक दुमका, महापौर देवघर, उप विकास आयुक्त देवघर व दुमका, नगर आयुक्त देवघर, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर व दुमका, सिविल सर्जन देवघर व दुमका, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी थे।