यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: पावर बैंक ब्लास्ट में घायल युवक की 15 दिन बाद मौत, फोन चार्ज करने के दौरान हुआ था हादसा
झारखंड के देवघर में एक युवक की पावर बैंक में ब्लास्ट होने से मौत हो गई। 15 दिन पहले ब्लास्ट की घटना हुई थी। जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था। वहीं रविवार ...और पढ़ें

HighLights
- पावर बैंक ब्लास्ट में घायल युवक की 15 दिन बाद मौत
- फोन चार्ज करने के दौरान ब्लास्ट हो गया था पावर बैंक
संवाद सहयोगी, सारठ (देवघर)। Power Bank Blast किसी ने सोचा भी नहीं था कि 15 दिन पहले खरीदा गया पावर बैंक युवक की जान ले लेगा और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ जाएगा। मोबाइल खरीदने के दो दिन बाद ही पावर बैंक ब्लास्ट हो गया। जिससे युवक जख्मी हो गया था। रविवार देर रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ये घटना देवघर जिले के सारठ प्रखंड के बडबाद पंचायत के मंझलीबाद गांव की है। मंझलीबाद गांव के पारा गौतम सिंह का इकलौता पुत्र 19 वर्षीय रमन कुमार सिंह पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
फोन चार्ज करने के दौरान हुआ ब्लास्ट
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को रमन ने देवघर में एक नया मोबाइल खरीदा था। उसके साथ में मोबाइल चार्ज करने वाला पावर बैंक भी उसने लिया था। 15 अक्टूबर को रमन अपने घर में बेड पर सो कर मोबाइल देख रहा था। पावर बैंक बिजली से चार्ज हो रहा था और उसी पावर बैंक से मोबाइल भी चार्ज हो रहा था।
इलाज के लिए रिम्स ले गए परिजन
इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ पावर बैंक ब्लास्ट हो गया। जिससे वे बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में स्वजनों ने उसे इलाज के लिए रांची रिम्स में भर्ती कराया। चार दिन पहले रिम्स से उसे छुट्टी दे दी गई थी और वह चार दिन से देवघर में रह रहा था। इसी बीच रात में उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई।
स्वजन जब तक उसे इलाज के लिए कहीं ले जाते उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से ही पूरे गांव में मातम छा गया। घर का चिराग बुझ जाने से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। सोमवार को युवक का शव गांव लाया गया। शव गांव पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंचे।