Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देवघर श्रावणी मेला 2026: एनएसजी ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर की सुरक्षा का जायजा लिया

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 10:33 PM (IST)

    देवघर श्रावणी मेला 2026 की सुरक्षा मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एनएसजी की एक टीम ने बाबा बैद्यनाथ ...और पढ़ें

    बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर का निरीक्षण करती एनएसजी की टीम। (फोटो जागरण)

    बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर का निरीक्षण करती एनएसजी की टीम। (फोटो जागरण)

    संवाद सूत्र, देवघर। देवघर श्रावणी मेला-2026  के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में केंद्र एवं राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को दिल्ली से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की एक विशेष टीम देवघर पहुंची और बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।

    एनएसजी के सहायक कमांडेंट जेम्स तथा इंस्पेक्टर जितेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम ने मंदिर के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही मुख्य मंदिर परिसर के अलावा आसपास स्थित अन्य मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

    अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था, वीआइपी मूवमेंट के रूट, संस्कार मंडप, नाथबाड़ी, नेहरू पार्क तथा कतार पथ के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा, निगरानी प्रणाली तथा किसी भी संभावित आपदा या सुरक्षा चुनौती से निपटने की तैयारियों का आंकलन किया।

    श्रावणी मेले में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के प्रत्येक पहलू की गहन समीक्षा की गई। एनएसजी के सहायक कमांडेंट ने निरीक्षण को नियमित सुरक्षा प्रक्रिया (रूटीन विजिट) का हिस्सा बताया। हालांकि श्रावणी मेले से ठीक पहले एनएसजी का यह दौरा सुरक्षा तैयारियों की गंभीरता को दर्शाता है।

    खबरें और भी

    माना जा रहा है कि निरीक्षण के आधार पर सुरक्षा को आवश्यक सुझाव प्रशासन को दिए जाएंगे, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

    बता दें कि शुक्रवार की रात टीम के सभी सदस्य बाबा मंदिर पहुंचे और उस वक्त भी यहां सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ कुलदीप कुमार, बाबा मंदिर थाना प्रभारी एवं दंडाधिकारी डा. विवेक कुमार कश्यप, राहुल कुमार, कमलेश कुमार सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

    प्रशासन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष श्रावणी मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।