अशोक मंडल की भाजपा में घर वापसी, सांसद ढुलू महतो ने की घोषणा; निरसा में हुआ जोरदार स्वागत
Dhanbad News: पूर्व धनबाद जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक मंडल सांसद ढुलू महतो की पदयात्रा के दौरान निरसा में भाजपा में वापस शामिल हो गए। ...और पढ़ें

भाजपा में अशोक मंडल के शामिल होने की घोषणा करते सांसद ढुलू महतो। (फोटो जागरण)
HighLights
अशोक मंडल ने निरसा में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सांसद ढुलू महतो ने अशोक मंडल का स्वागत किया।
विधायक अरूप चटर्जी पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप।
संवाद सहयोगी, निरसा (धनबाद)। अशोक मंडल की भाजपा में घर वापसी हो गई है। मंडल ने बुधवार को निरसा में सांसद ढुलू महतो की पदयात्रा के दाैरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वे धनबाद जिला भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में झामुमो से टिकट नहीं मिलने पर मंडल ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा में शामिल होकर निरसा से चुनाव लड़ा था।
निरसा में सभा के दाैरान सांसद ढुलू महतो ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मंडल को पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की। अशोक मंडल के पुनः भाजपा में शामिल होने पर भाजपायों ने उनका जोरदार स्वागत किया तथा गुलदस्ता देकर एवं पार्टी का झंडा देकर उन्हें सम्मानित किया।
अशोक मंडल ने कहा कि सांसद बनते ही ढुलू महतो निरसा के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधायक अरूप चटर्जी विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। पंचेत में टेलपुल डैम का काम भी गुरुदास चटर्जी ने रुकवाया। वे हमेशा जनता को आगे कर लूटने का काम करते रहे हैं।
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि दो वर्षों में सांसद ने धनबाद की दिशा और दशा बदल दी है। यह विपक्षियों को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। विकास विरोधियों के खिलाफ यह जनाक्रोश बता रहा है कि निरसा की जनता अब चुप नहीं बैठेगी।
बैनर में सांसद ढुलू महतो के साथ ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, गणेश मिश्रा और अपर्णा सेनगुप्ता की तस्वीर थी। लेकिन रैली और सभा के मंच पर गणेश मिश्रा और अपर्णा सेनगुप्ता मौजूद नहीं थे।
सभा के दौरान लोगों के बीच यह चर्चा होती रही कि निरसा के दोनों कद्दावर नेता किन कारणों से नहीं आए। इस संबंध में जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार ने कहा कि अपर्णा सेनगुप्ता की बेटी की तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती रहने के कारण वह नहीं आ सकीं।