बीसीसीएल सीएमडी ने कुसुंडा साइडिंग का किया निरीक्षण, कोयला डिस्पैच बढ़ाने पर जोर
बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कुसुंडा रेल साइडिंग का निरीक्षण कर अधिकारियों को पावर प्लांटों की बढ़ती मांग पूरी करने ...और पढ़ें

कुसुंडा में कोयला अधिकारियों से विचार-विमर्श करते सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल।
संवाद सूत्र, केंदुआ (धनबाद)। देश के पावर प्लांटों में बढ़ी कोयले की मांग को देखते हुए बीसीसीएल को प्रतिदिन 22 से 25 रैक कोयला डिस्पैच करने का लक्ष्य मिला है। कंपनी के अधिकारी उत्पादन के साथ गुणवत्तापूर्ण कोयला डिस्पैच बढ़ाने पर विशेष जोर दें। यह निर्देश बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कुसुंडा रेल साइडिंग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिया।
सीएमडी ने कुसुंडा क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ उत्पादन एवं डिस्पैच बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कुसुंडा साइडिंग से वर्तमान में भेजे जा रहे एक रैक के स्थान पर प्रतिदिन दो रैक कोयला डिस्पैच करने पर जोर दिया।
ट्रांसपोर्टरों से सीधे किया संवाद
सीएमडी ने कुसुंडा क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों को साइडिंग में बुलाकर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिक से अधिक कोयला ट्रांसपोर्टिंग करने और वाहनों की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि डिस्पैच लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मनोज अग्रवाल ने कहा कि देश के पावर प्लांटों और ऊर्जा क्षेत्र में कोयले की मांग बढ़ी है। पावर प्लांटों की जरूरत पूरी करने के लिए अधिकतम कोयला डिस्पैच जरूरी है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
कुसुंडा की टीम की सराहना
सीएमडी ने कुसुंडा जीएम निखिल बी. त्रिवेदी समेत क्षेत्र के अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कुसुंडा क्षेत्र में अधिकारियों की अच्छी टीम है और इसी टीम के प्रयास से समय पर कोयला डिस्पैच के लक्ष्य को पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि मानसून के कारण पिछले कुछ समय से कोयला उत्पादन और डिस्पैच प्रभावित हुआ था। अब मानसून समाप्त होने की ओर है। ऐसे में कोयला उत्पादन और डिस्पैच में तेजी लाई जाएगी।
सीएमडी ने निरीक्षण के दौरान गोंदूडीह और ईस्ट बसेरिया कोलियरी के केडीएस-2 साइडिंग का भी जायजा लिया।
मौके पर कुसुंडा जीएम निखिल बी. त्रिवेदी, गोधर पीओ दिलीप कुमार, गोंदूडीह पीओ अनिल कुमार सिंह, प्रबंधक पीके सिंह, राजीव रंजन, अभय कुमार, एरिया ईएंडएम अजय कुमार सिंह, त्रिपुरारी प्रसाद, ललित शर्मा, सरफराज सहित क्षेत्र के तमाम अधिकारी उपस्थित थे।
