बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल को मिली जान से मारने की धमकी, धनबाद पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
Coal India की अनुषंगी कंपनी बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को जान से मारने की धमकी मिली है, जिसके ...और पढ़ें

बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल। (फाइल फोटो)
HighLights
बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल को जान से मारने की धमकी मिली।
धनबाद पुलिस ने सीएमडी आवास की सुरक्षा कड़ी कर दी।
भूधंसान और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े पहलुओं की जांच।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी-बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को जान मारने की धमकी मिली है। हालांकि सीएमडी की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस ने एहतियातन उनके आवास की सुरक्षा कड़ी कर दी है।

गुरुवार की रात सरायढेला थाना की पुलिस टीम सीएमडी आवास पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी किसने और कहां से दी है, लेकिन पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ अन्य संभावित एंगल पर भी काम कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी को हाल के दिनों में हुई घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। कतरास के छाताबाद में भूधंसान की घटना से स्थानीय लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने सीएमडी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग पर प्रदर्शन तक किया था।
थाना घेराव की स्थिति बन गई थी। इसके बाद पुलिस ने सीएमडी समेत कई अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया। धमकी की घटना के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस अज्ञात नंबर से आए काल, व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है।
