झारखंड के मुख्य सचिव से मिले बीसीसीएल सीएमडी राज्य के विकास और ऊर्जा सुरक्षा पर हुई चर्चा
BCCL के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने रांची में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। ...और पढ़ें

झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को गुलदस्ता भेंट करते बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल। (फोटो सौैजन्य)
HighLights
बीसीसीएल सीएमडी ने झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात की।
राज्य के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर चर्चा हुई।
कोयला उत्पादन बढ़ाने और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने रांची में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर कंपनी और राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में बीसीसीएल की भावी योजनाओं, कोयला उत्पादन बढ़ाने की रणनीति, इस्पात उद्योग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कोकिंग कोयले की निर्बाध आपूर्ति तथा झारखंड के समग्र विकास में कंपनी की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ।
सीएमडी ने उत्पादन क्षमता विस्तार, नई परियोजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी भी मुख्य सचिव को दी। दोनों पक्षों ने औद्योगिक गतिविधियों को गति देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा राज्य की अर्थव्यवस्था में बीसीसीएल की भागीदारी को और प्रभावी बनाने पर सहमति जताई।
साथ ही देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए कोयला उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा और झारखंड के विकास में बीसीसीएल के योगदान की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
वहीं बीसीसीएल प्रबंधन ने सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय हितों को प्राथमिकता देते हुए उत्पादन वृद्धि तथा रोजगार सृजन के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय में कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।