विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीसीसीएल के अतिरिक्त कर्मचारियों को कोल इंडिया की दूसरी कंपनियों में जाने का सुनहरा अवसर

Updated: Mon, 17 Aug 2026 11:53 PM (IST)

बीसीसीएल के 5744 अतिरिक्त कर्मचारियों को अब कोल इंडिया की अन्य अनुषंगी कंपनियों में स्थानांतरण का अवसर मिलेगा।

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड।

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड।

HighLights

  1. बीसीसीएल के 5744 अतिरिक्त कर्मचारियों को स्थानांतरण का मौका।

  2. मानव संसाधन के बेहतर उपयोग और लागत नियंत्रण हेतु पहल।

  3. आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर, कुछ पद अपात्र।

जागरण संवाददाता, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में विभिन्न पदों पर कार्यरत अतिरिक्त कर्मचारियों को अब कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की दूसरी अनुषंगी कंपनियों में स्थानांतरण का अवसर मिलेगा। पिछले साल 4102 श्रमिक सरप्लस थे, इस बार यह संख्या बढ़कर 5744 है।

बीसीसीएल प्रबंधन ने अतिरिक्त जनशक्ति और मौजूदा व्यावसायिक परिस्थितियों को देखते हुए सरप्लस कर्मचारियों से दूसरी अनुषंगी कंपनियों में स्थानांतरण के लिए आवेदन आमंत्रित किया है। इस संबंध में मानव संसाधन निदेशालय ने 13 अगस्त को अधिसूचना जारी कर सभी संबंधित क्षेत्रों को सूचना प्रसारित करने का निर्देश दिया है।

प्रबंधन के अनुसार बीसीसीएल में वर्तमान में विभिन्न पदनामों पर अतिरिक्त जनशक्ति उपलब्ध है। इन कर्मचारियों की क्षमता का बेहतर उपयोग करने और कंपनी के खर्च को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उन्हें सीआईएल की अन्य अनुषंगी कंपनियों में आवश्यकता के अनुसार तैनात किया जा सकता है। इसके लिए इच्छुक कर्मचारियों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन मांगा गया है।

30 अगस्त तक सक्षम अधिकारी को आवेदन

जारी सूचना के मुताबिक कर्मचारी निर्धारित प्रपत्र को विधिवत भरकर 30 अगस्त 2026 तक अपने सक्षम अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। इसके बाद सक्षम अधिकारी प्राप्त आवेदनों को 22 सितंबर तक मानव संसाधन विभाग को भेजेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।

बीसीसीएल के मानव संसाधन निदेशालय की ओर से जारी पत्र में सभी महाप्रबंधकों तथा संबंधित विभागों को सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और कर्मचारियों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।

वैधानिक व सुरक्षा कर्मियों को मौका नहीं

प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वैधानिक पदों पर कार्यरत कर्मचारियों, पराचिकित्सा कर्मियों तथा सुरक्षा कर्मियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इन श्रेणियों के कर्मचारियों को इस स्थानांतरण प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।

लागत नियंत्रण और बेहतर उपयोग पर जोर

बीसीसीएल और ईसीएल में लागत के अनुकूलन तथा व्यय नियंत्रण के लिए गठित समिति की पहल के तहत अतिरिक्त जनशक्ति को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

बीसीसीएल प्रबंधन का मानना है कि मौजूदा सरप्लस कर्मचारियों को सीआईएल की दूसरी अनुषंगी कंपनियों में जरूरत के अनुसार तैनात करने से उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर उपयोग होगा। साथ ही कंपनी पर अनावश्यक मानव संसाधन लागत का दबाव भी कम किया जा सकेगा।

मानव संसाधन निदेशालय ने संबंधित कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी के लिए अपने मानव संसाधन अधिकारी से संपर्क करने को कहा है। पत्र की प्रतिलिपि बीसीसीएल के सीएमडी सहित निदेशक तकनीकी, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) और निदेशक वित्त को भी भेजी गई है।