विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE स्कूलों में अब अभिभावकों की भी होगी काउंसलिंग, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

Published: Sat, 29 Aug 2026 08:12 PM (IST)

CBSE ने संशोधित पैरेंटिंग कैलेंडर जारी किया है, जिसके तहत स्कूलों में बच्चों के साथ अभिभावकों की भी काउंसलिंग की ...और पढ़ें

CBSE स्कूलों में बच्चों के साथ अभिभावकों की भी काउंसलिंग। (प्रतीकात्मक फोटो)

CBSE स्कूलों में बच्चों के साथ अभिभावकों की भी काउंसलिंग। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. अभिभावकों को बच्चों में अवसाद, नशे के शुरुआती लक्षण पहचानने की ट्रेनिंग।

  2. स्कूलों में अभिभावक और शिक्षक की सीधी मुलाकात को प्राथमिकता मिलेगी।

  3. सीबीएसई 12वीं पूरक परीक्षा के अंकों के सत्यापन की तिथियां जारी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इसी शैक्षणिक सत्र के लिए एक संशोधित पैरेंटिंग कैलेंडर जारी किया है। इसके अंतर्गत अब स्कूलों में बच्चों के साथ अभिभावकों की भी काउंसलिंग की जाएगी। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य माता-पिता को बच्चों में अवसाद, मानसिक तनाव, खुद को नुकसान पहुंचाने (सेल्फ हार्म) और नशे की लत के शुरुआती संकेतों को पहचानना सिखाना है।

इसके साथ ही डिजीटल मैसेजिंग या आनलाइन बातचीत की जगह स्कूल और अभिभावकों के बीच आमने-सामने बैठकों (फेस-टू-फेस संवाद) को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे छात्रों को मानसिक रूप से एक सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिलेगा।

स्कूल प्रबंधकों को विशेष कार्यशाला में माता-पिता को बच्चों के अवसाद, स्कूल जाने से डरने, व्यवहार में बदलाव और खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे संकेत को पहचानने के बारे में बताने को कहा गया है। इसके साथ ही बच्चों को बिना घबराए सहानुभूतिपूर्वक संभालने के तरीके भी बताए जाएंगे।

सीबीएसई की डिप्टी सिटी कोआर्डिनेटर डा.सरिता सिन्हा ने बताया कि स्कूली बच्चों को नशीले पदार्थों से बचाने के लिए सीबीएसई ने एनसीबी के साथ विशेष समझौता किया है।

स्कैन की हुई प्रति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक सितंबर

सीबीएसई ने 12वीं के अंकों के सत्यापन, उत्तर पुस्तिका की स्कैन कापी और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया के लिए आवेदन की तिथि जारी कर दी है। 12वीं की पूरक परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थी 31 अगस्त से मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई प्रति प्राप्त कर सकते हैं।

स्कैन की हुई प्रति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक सितंबर निर्धारित की गई है। पहले विद्यार्थी अपनी पसंद के विषय की स्कैन की गई उत्तर-पुस्तिकाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। छात्रों को अन्य सुविधाओं के लिए आवेदन करने की अलग-अलग तिथि जारी की है।

उत्तर पुस्तिका की स्कैन कापी के लिए विद्यार्थियों को 100 प्रति विषय शुल्क देना होगा। अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया सात सितंबर से आठ सितंबर तक चलेगी। अंकों के सत्यापन को 100 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क तय किया गया है।