Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद में कोयला तस्कर बेलगमा, CISF सब इंस्पेक्टर और जवान पर किया जानलेवा हमला

    By Madhusudan Verma Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Thu, 22 Jan 2026 11:58 AM (IST)

    CISF Attacked by Coal Mafia: धनबाद के तेतुलमारी कोल डंप में अवैध कोयला उठा रहे तस्करों ने सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में सब-इंस ...और पढ़ें

    कोयला चोरों ने सीआइएसएफ की क्यूआरटी पर किया हमला। (प्रतीकात्मक फोटो)

    कोयला चोरों ने सीआइएसएफ की क्यूआरटी पर किया हमला। (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. तेतुलमारी कोल डंप पर कोयला तस्करों का हमला।

    2. सीआईएसएफ के दो जवान हमले में घायल हुए।

    3. धनबाद में अवैध कोयला चोरी का धंधा जारी।

    जागरण संवाददाता, तेतुलमारी (धनबाद)।धनबाद जिले में इन दिनों कोयला चोरी का अवैध धंधा जोरों पर है। आरोप है कि पुलिस संरक्षण के कारण कोयला तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे सुरक्षा बलों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे। ऐसा ही एक मामला सिजुआ क्षेत्र के तेतुलमारी कोल डंप में बुधवार देर रात सामने आया, जहां अवैध रूप से कोयला उठाने से रोकने पर तस्करों ने सीआइएसएफ की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) पर हमला कर दिया।

    घटना में सीआइएसएफ के सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार और जवान गोबिंद कुमार घायल हो गए। बताया जाता है कि रात के अंधेरे में कुछ लोग कोल डंप से अवैध तरीके से कोयला उठा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सीआइएसएफ की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और कोयला उठाने से रोकने लगी। इस दौरान अवैध कारोबारी आक्रोशित हो गए और जवानों के साथ गाली-गलौज करते हुए उलझ पड़े। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

    बताया जाता है कि जवानों के वहां से हटने के दौरान तस्करों और उनके सहयोगियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे दोनों सीआइएसएफ कर्मी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद माहौल शांत कराया गया।

    घायल जवानों को सीआइएसएफ के अन्य कर्मियों ने आनन-फानन में केंद्रीय अस्पताल धनबाद में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया गया। समाचार लिखे जाने तक तेतुलमारी कोल डंप में सीआइएसएफ के जवानों की तैनाती बनी हुई थी और पुलिस लगातार गश्त कर रही थी।

    खबरें और भी

    स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार तेतुलमारी और वेस्ट मोदीडीह कोल डंप में शाम ढलते ही कोयला तस्करों का जमावड़ा लग जाता है। अवैध धंधे का विरोध करने पर कोल कर्मियों से लेकर अधिकारियों तक के साथ मारपीट की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

    उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने हाल ही में कोयला चोरी को गंभीर समस्या बताया था। वहीं केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी भी कोयला चोरी पर चिंता जताते हुए कोयला चोरों के खिलाफ नक्सलियों की तर्ज पर कार्रवाई की बात कह चुके हैं।

    इस संबंध में तेतुलमारी थाना के पुअनि मनदीप बैठा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। सीआइएसएफ के एक इंस्पेक्टर और एक जवान के घायल होने की जानकारी है, हालांकि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।