ECL में कोयला चोरी पर CISF का शिकंजा, जारी किया हेल्पलाइन नंबर
CISF ने ईसीएल के मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण और तस्करी रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9434796841 जारी किया है। ...और पढ़ें

जब्त कोयले के साथ सीआइएसएफ जवान। (फोटो साैजन्य)
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। ईसीएल के मुगमा क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट शीतलपुर ने सख्त कदम उठाया है। अब क्षेत्र के लोग सीधे हेल्पलाइन नंबर 9434796841 पर सूचना देकर अवैध गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं।
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी।
अवैध कारोबार पर पैनी नजर
सीआईएसएफ यूनिट शीतलपुर के कमांडेंट राहुल सिंह गौतम ने कहा कि अवैध कोयला कारोबार केवल सरकारी राजस्व को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसे देखते हुए सीआईएसएफ ने गश्त, निगरानी और विभिन्न एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान को और तेज कर दिया है।
जनता से मांगा सहयोग
कमांडेंट ने कहा कि अवैध खनन और तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आम लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी भी व्यक्ति को कहीं अवैध कोयला खनन, अवैध भंडारण, संदिग्ध परिवहन या तस्करी की जानकारी मिलती है तो वह बिना किसी भय के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दे सकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान किसी भी स्थिति में सार्वजनिक नहीं की जाएगी
दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सीआईएसएफ के अनुसार हेल्पलाइन पर प्राप्त हर सूचना का सत्यापन किया जाएगा। सूचना सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
अवैध खनन मुक्त क्षेत्र बनाने का लक्ष्य
सीआईएसएफ ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनसहभागिता से ही अवैध खनन और तस्करी के नेटवर्क को प्रभावी ढंग से खत्म किया जा सकता है।
सीआईएसएफ ने दोहराया कि ईसीएल शीतलपुर क्षेत्र को अवैध खनन मुक्त बनाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हेल्पलाइनः अवैध कोयला खनन, भंडारण, परिवहन या तस्करी की सूचना दें: 9434796841
सीआईएसएफ यूनिट, ईसीएल शीतलपुर।