धनबाद बर्थडे पार्टी विवाद: अभिजीत सिंह की मौत के बाद पिता ने थाने में दर्ज कराई FIR, पांच आरोपित फरार
Dhanbad Birthday Party Murder: धनबाद के पाम इन होटल में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए विवाद में 24 वर्षीय अभिजीत सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

धनबाद में जन्मदिन की पार्टी के दौरान अभिजीत सिंह की हत्या। (फाइल फोटो)
HighLights
जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद अभिजीत सिंह की मौत।
पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR।
सीसीटीवी फुटेज में बांस से पीटते दिखे हमलावर, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के नावाडीह स्थित पाम इन होटल में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए विवाद और मारपीट में झरिया के राजबाड़ी रोड निवासी 24 वर्षीय अभिजीत सिंह की मौत हो गई। घटना 19 अक्टूबर को सुबह करीब दो बजे हुई।
मृतक के पिता राजप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की बेरहमी से पिटाई के बाद आरोपित उसका फोन, सोने की चेन, अंगूठी और ब्रासलेट लेकर फरार हो गए।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापामारी
धनबाद थाना पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। मृतक वर्तमान में सायप्रस अपार्टमेंट केजी आश्रम गोविंदपुर में रहता था।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी कालोनी, सुदामडीह निवासी शुभम झा ने 18 अक्टूबर को अपना जन्मदिन आठ लेन स्थित पाम इन होटल में दोस्तों के साथ मनाया था। पार्टी में अभिजीत सिंह, गोविंदपुर निवासी ऋतिक साव समेत करीब 10 युवक शामिल हुए थे।
शुभम ने डीपीएस स्कूल, कार्मिक नगर के रौनक गुप्ता को भी बुलाया था, जिसका जन्मदिन 19 अक्टूबर को था। रौनक ने बरमसिया छठ तालाब निवासी सूरज यादव को भी पार्टी में आमंत्रित किया था।
पार्टी के दौरान रौनक अपने अन्य साथियों के साथ लौट गया, लेकिन सूरज वहीं रुका रहा। शुभम ने उससे जाने को कहा और बताया कि पार्टी में मौजूद लोगों में से कोई उसे नहीं जानता तथा रौनक भी जा चुका है। इस बात पर सूरज का विवाद हो गया।
विवाद के बाद सूरज ने साथियों को बुलाकर किया हमला
राजप्रकाश सिंह के आरोप के मुताबिक, सूरज ने बुरे परिणाम भुगतने की धमकी दी और होटल से बाहर जाकर अपने चार साथियों को बुलाया। इनमें शक्ति नगर, बरमसिया का अभिमन्यु उर्फ बौवा, शंकर नगर, बरमसिया का शिवाकर कुमार, त्रिमूर्ति सदन, बरमसिया का हर्ष और प्रशांत शामिल थे। आरोप है कि उनके साथ 15 से 20 युवक भी थे।
रात करीब दो बजे अभिजीत घर जाने के लिए बाहर निकला, तभी सूरज और उसके साथी उस पर टूट पड़े। आरोप है कि उन्होंने बांस और पत्थर से उसकी पिटाई की और जमीन पर गिरने के बाद उसके ऊपर बाइक पटक दी।
दुर्गापुर में इलाज के दौरान हुई मौत
शोर सुनकर अभिजीत के दोस्त बाहर आए और उसे लहूलुहान हालत में पाया। उसे पास के असर्फी अस्पताल ले जाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। गंभीर स्थिति के कारण चिकित्सकों ने उसे मिशन अस्पताल, दुर्गापुर रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर धनबाद थाना पुलिस होटल पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में कुछ युवक अभिजीत को बांस से मारते दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और सभी आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।