PM मोदी और मनुस्मृति का विरोध करने पहुंचे कांग्रेसी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने छीना पुतला; धनबाद में टला टकराव
Dhanbad Politics: धनबाद में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम मोदी और मनुस्मृति का पुतला दहन करने भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई।
HighLights
युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धनबाद में हुई झड़प।
पीएम मोदी और मनुस्मृति का पुतला जलाने पहुंचे थे कांग्रेसी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतले छीनकर कांग्रेस का प्रदर्शन विफल किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर सोमवार को मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। पुतला लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा कार्यालय पहुंचते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झड़प शुरू हो गई।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनकर अपने साथ ले गए और पुतला दहन कार्यक्रम को विफल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
हलद्वानी प्रकरण को लेकर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
उत्तराखंड के हलद्वानी में शुद्धिकरण कार्यक्रम और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु को हिरासत में लिए जाने के विरोध में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को बलियापुर रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इस दाैरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुतला और मनुस्मृति का दहन का प्रयास किया गया।
पुलिस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष को लिया हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पुतला छीनने को लेकर काफी देर तक छीना-झपटी होती रही। इस दौरान मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला। युवा कांग्रेस अध्यक्ष को हिरासत में लिया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन करने का प्रयास किया। इसी दौरान भाजपा के दर्जनभर कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
काफी देर तक होती रही छीना-झपटी
भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेसियों से पुतला छीनने का प्रयास किया। देखते ही देखते दोनों पक्ष पुतले को लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। काफी देर तक पुतला छीनने को लेकर छीना-झपटी होती रही।
इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता युवा कांग्रेसियों से पुतला छीनकर लेकर भाग गए। इसके बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन नहीं कर सके। इस दौरान मौके पर काफी देर तक बवाल की स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ किए गए व्यवहार की निंदा की।
कुमार गौरव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र में किसी व्यक्ति के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव खुर्शीद अंसारी, प्रदेश सचिव राजीव रंजन, धनबाद जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद, जिला उपाध्यक्ष तबरेज आलम, मजहर,रुस्तम, सिंदरी विधानसभा अध्यक्ष यूसुफ अली, धनबाद विधानसभा अध्यक्ष चीकू खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
दलितों को भ्रमित करने की राजनीति न करे कांग्रेस
भाजपा धनबाद जिला ग्रामीण के अध्यक्ष मोहन कुंभकार ने कांग्रेस की राजनीति को ओछी करार दिया है। उन्होंने कहा-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ड्रामा कर रहे हैं। हलद्वानी में खरगे ने एक संप्रदायक विशेष के पक्ष में धार्मिक नारेबाजी करवाई थी।
धार्मिक नारेबाजी का स्थानीय लोग-खासकर दलितों ने विरोध किया। दलितों ने ही सभा स्थल का शुद्धिकरण किया क्योंकि धर्म विशेष के धार्मिक नारे लगाए गए थे। उन्होंने कहा-कांग्रेस की झुठ और फरेब की राजनीति का मुहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
