विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC JSSC Scam पर धनबाद में भाजपा का हल्ला बोल, सीबीआई जांच की मांग; प्रदर्शन में नहीं दिखीं रागिनी सिंह

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:49 PM (IST)

भाजपा ने धनबाद में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

धनबाद डीसी आफिस के सामने धरना देते भाजपाई। (फोटो जागरण)

धनबाद डीसी आफिस के सामने धरना देते भाजपाई। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. भाजपा ने धनबाद में जेपीएससी-जेएसएससी धांधली के खिलाफ प्रदर्शन किया।

  2. पार्टी ने भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग उठाई।

  3. आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी)-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत धनबाद में गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

भाजपा धनबाद महानगर एवं ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में बरवाअड्डा स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की निष्पक्ष एवं समयबद्ध केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच कराने तथा शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने की। संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री रुपेश सिन्हा ने किया। झारखंड प्रदेश की तरफ से पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर सांसद ढुलू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा उपस्थित थे। झरिया की विधायक रागिनी सिंह नहीं दिखीं। 

भानु प्रताप शाही ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ झारखंड की युवा शक्ति के साथ अन्याय है। इसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और समयबद्ध सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को बचाने के बजाय सरकार को पारदर्शी जांच कर युवाओं का विश्वास बहाल करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में स्थानांतरण-पदस्थापन से लेकर नौकरियों तक का कथित ‘मेनू कार्ड’ चल रहा है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने भर्ती के नाम पर 10,500 करोड़ रुपये की कथित वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

ढुल्लू महतो ने सीबीआई जांच को बताया जरूरी

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षाएं दी हैं। उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी सीटें लाखों रुपये में बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्षता के लिए राज्य अपराध अन्वेषण विभाग के बजाय सीबीआई जांच जरूरी है। यदि सरकार सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं करती है, तो भाजपा अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

उन्होंने छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

पारदर्शिता युवाओं का अधिकार: पीएन सिंह

पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता युवाओं का अधिकार है, किसी सरकार की कृपा नहीं। जेएसएससी-जेपीएससी की कथित धांधली की सीबीआई जांच होने पर ही पूरे मामले की वास्तविकता निष्पक्ष रूप से सामने आ सकेगी। भाजपा छात्रों के न्याय की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग कीः राज सिन्हा 

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने अपने भविष्य के लिए वर्षों तक मेहनत की है। ऐसे में उनके सपनों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ गंभीर विषय है।

उन्होंने कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनके खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेकर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षाओं में कथित धांधली ने झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा की मांग स्पष्ट है कि पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच हो और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति का सम्मान और उनके भविष्य की सुरक्षा भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक छात्रों को न्याय और दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

इन सभी की रही मौजूदगी

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अपर्णा सेनगुप्ता, जिला परिषद अध्यक्षश् शारदा सिंह, संजीव विजय वर्गीय, दिलीप वर्मा, तारा देवी, संजीव अग्रवाल, , चंद्रशेखर सिंह, योगेंद्र यादव, राजकुमार अग्रवाल, धरणीधर मंडल, विकास महतो, आशीष मुखर्जी, प्रियरंजन, रमा सिन्हा, प्रियंका देवी, नित्यानंद मंडल, रामजीत भुइंया, पुरुषोत्तम रंजन, रीता प्रसाद, मौसम सिंह, बच्चा गिरी, दीपा दास आदि मौजूद थी।