Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद में सांसद-मेयर की लड़ाई सड़क पर, मंच से अपनी ही विधायक पर बरसे भाजपा महानगर अध्यक्ष

    By Sumit Raj Arora Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Fri, 15 May 2026 07:51 PM (IST)

    Dhanbad BJP Rift: धनबाद में भाजपा सांसद ढुलू महतो और मेयर संजीव सिंह के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने झरिया विधायक रागिनी ...और पढ़ें

    HighLights

    1. सांसद ढुलू महतो और मेयर संजीव सिंह में राजनीतिक तनाव बढ़ा।

    2. भाजपा अध्यक्ष ने झरिया विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

    3. कोयला चोरी और भ्रष्ट तंत्र को बढ़ावा देने का दावा।

    जागरण संवाददाता, झरिया (धनबाद)। धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान कोयलांचल में जो भाजपा की राजनीति नारंगी की फांक की तरह बंट गई थी, वह अब पूरी तरह सड़क पर आ गई है। एक खेमा धनबाद के सांसद ढुलू महतो का है तो दूसरा भाजपा से बगावत करने वाले झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह का।

    Dhulu Mahto

    धनबाद का मेयर बनने के बाद संजीव सिंह भाजपा सांसद ढुलू महतो की जड़ों को हिलाने में लगे हैं। दूसरी ओर सांसद ढुलू महतो भी संजीव सिंह पर लगातार पलटवार कर रहे हैं।

    2029 लोकसभा चुनाव पर टिकी है नजर

    धनबाद मेयर बनने के बाद संजीव सिंह की मंशा 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ने की बताई जा रही है। उनके समर्थक इंटरनेट मीडिया में संजीव सिंह को धनबाद का अगला सांसद बताने से नहीं थक रहे हैं। मेयर बनने के बाद संजीव सिंह ने सांसद ढुलू महतो के गढ़ बाघमारा में शक्ति प्रदर्शन किया। ढुलू महतो बाघमारा से लगातार चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। फिलहाल उनके भाई शत्रुघ्न महतो बाघमारा से भाजपा विधायक हैं।

    बाघमारा के बाद झरिया में शक्ति प्रदर्शन

    बाघमारा में मेयर संजीव सिंह द्वारा शक्ति प्रदर्शन और ढुलू महतो को घेरने के बाद गुरुवार को पलटवार की राजनीति हुई। सांसद ढुलू महतो ने संजीव सिंह के गढ़ झरिया में शक्ति प्रदर्शन किया। झरिया से फिलहाल संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह भाजपा के टिकट पर विधायक हैं।

    भाजपा मंच से अपनी ही विधायक पर हमला

    झरिया में शक्ति प्रदर्शन का आयोजन भाजपा के बैनर तले हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। धनबाद महानगर भाजपा अध्यक्ष श्रवण राय ने मंच से अपनी ही पार्टी की जनप्रतिनिधि, झरिया विधायक रागिनी सिंह, पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास के लिए वोट दिया है, न कि कोयला चोरी और भ्रष्ट तंत्र को बढ़ावा देने के लिए।

    खबरें और भी

    ‘जनता की कमाई लूटकर कुछ लोग जेब भर रहे’

    श्रवण राय ने आरोप लगाया कि झरिया में भ्रष्ट व्यवस्था हावी है तथा कोयला माफिया, प्रशासनिक तंत्र और सत्ता से जुड़े लोग इसमें संलिप्त हैं। बिना नाम लिए उन्होंने झरिया के “माननीयों” पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की कमाई को लूटकर कुछ लोग अपनी जेब भर रहे हैं और धुएं में उड़ा रहे हैं। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।

    उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति का उदाहरण देते हुए चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनता जब हिसाब लेती है तो सत्ता की जड़ें भी हिल जाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पानी, बिजली और सड़क जैसे जनहित के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है तथा सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में झरिया के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार लड़ाई लड़ रही है।

    बयान के बाद भाजपा में मची खलबली

    महानगर अध्यक्ष श्रवण राय के संबोधन के दौरान हलचल मच गई। उनके बयान से खुश होकर झरिया महानगर भाजपा अध्यक्ष अवधेश राय ने उन्हें माला पहनाई, जबकि सांसद ढुलू महतो ने उनकी पीठ थपथपाई। भाजपा महानगर अध्यक्ष द्वारा अपनी ही पार्टी के विधायक पर गंभीर आरोप लगाने के बाद भाजपा की राजनीति में खलबली मच गई है।

    फिलहाल श्रवण राय का यह बयान इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी नेतृत्व इस बयान पर क्या रुख अपनाता है और झरिया भाजपा की सियासत आगे कौन सा मोड़ लेती है।