धनबाद गोलीकांड: सोनारडीह में घायल कोयला कारोबारी की मौत, सिर और पेट में गोली लगने से चल रहा था इलाज
कतरास के सोनारडीह बाजार में शुक्रवार देर शाम कोयला कारोबारी शुभम यादव को गोली मार दी गई थी। सिर और ...और पढ़ें
-1776501061579_m.webp)
शुभम यादव के घर के सामने गमगीन माहौल में बैठे परिजन और रिश्तेदार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के सोनारडीह बाजार में शुक्रवार देर शाम हुई सनसनीखेज गोलीबारी में घायल कोयला कारोबारी और जनता मजदूर संघ से जुड़े शुभम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सिर और पेट में गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड के बाद कोयलांचल में एक बार फिर अपराध को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। शुभम के समर्थकों, परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।

इसी बीच धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही शुभम यादव बाजार पहुंचा, अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से खोखे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़े विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक शुभम यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उस पर हत्या की साजिश, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, बमबाजी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड में वह आधा दर्जन से अधिक मामलों में आरोपित रहा है।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी गई है। अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

शुभम यादव की मौत के बाद कोयलांचल में दहशत का माहौल है। वहीं सरेआम गोलीबारी की यह घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का संकेत दे रही है। हाल के दिनों में धनबाद में क्राइम की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। आए दिन चोरी, चेन लूट, हत्या जैसी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।
मृतक के शव का परिजन कर रहे इंतजार
घटना के बाद शुभम यादव के घर के आस-पास मातम पसरा हुआ है। परिजन के अलावा रिश्तेदार भी घर के आसपास जमा हो रहे हैं। वहीं जानकारी के अनुसार शुभम यादव के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कतरास के सोनारडीह में ही दाह संस्कार कराए जाने की तैयारी है।
संस्कार के लिए लकड़ियां और बाकी सामान जुटाई जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मृतक के पिता कोलकाता में रहते हैं जबकि इसकी माता बिहार के जमुई में रहती हैं। फिलहाल शुभम यादव अपने दादा-दादी के साथ अपने भाई के साथ सोनारडीह में रह रहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।