धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस में बुकिंग शुरू, अलेप्पी से महंगा होगा सफर
Indian Railway Update: धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस में देर शाम टिकट बुकिंग शुरू हो गई, जिसमें धनबाद को 444 जनरल कोटा मिला है।

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद से कोयंबटूर के बीच शनिवार से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में पूरे दिन इंतजार के बाद शाम से टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई। स्लीपर की 640 सीटों के साथ चलने वाली ट्रेन में धनबाद को 444 जनरल कोटा उपलब्ध कराया गया है।
इसके अलावा 56 सीनियर सिटीजन कोटा, छह लेडीज कोटा और 24 आपातकालीन कोटा मिले हैं। इस ट्रेन से सफर के लिए यात्रियों को मौजूदा अमृत भारत और अलेप्पी एक्सप्रेस की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।
इलाज कराने वेल्लूर जाने वाले मरीजों को अलेप्पी एक्सप्रेस के मुकाबले 315 रुपये तो धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस की अपेक्षा 235 रुपये अधिक चुकाना होगा। इस ट्रेन में यात्रियों को सिर्फ कंफर्म और वेटिंगलिस्ट टिकट जारी होंगे।
स्लीपर श्रेणी की लंबी दूरी की ट्रेन में आरएसी टिकट जारी नहीं होगा। वर्तमान में चल रही धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस में भी आरएसी टिकट जारी नहीं हो रहे हैं। अमृत भारत में स्लीपर का न्यूनतम 200 किमी तक का किराया चुकाना होगा।
धनबाद से काटपाडी का जनरल का किराया 645 रुपये
नये अमृत भारत एक्सप्रेस में धनबाद से काटपाडी तक का जनरल श्रेणी का किराया 645 रुपये चुकाना होगा।
कोयंबटूर तक का किराया 715 रुपये होगा। बोकारो व रांची होकर चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में काटपाडी तक का किराया 555 रुपये जबकि धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस से काटपाडी का जनरल का किराया 495 रुपये है। जनरल श्रेणी में न्यूनतम 50 किमी तक का किराया वसूला जाएगा।
धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत की तुलना में 50 कोटा कम
धनबाद से पोत्तनूर के बीच बोकारो व रांची होकर चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को धनबाद में 494 जनरल कोटा मिले थे।
मौजूदा अमृत भारत की तुलना में नये अमृत भारत को 50 कोटा कम मिले हैं। सीनियर सिटीजन, लेडीज और आपातकालीन कोटा में कटौती नहीं की गई है।
