धनबाद सीओ पर कार्रवाई की मांग: कांग्रेस ने डीसी-एसएसपी से की मुलाकात, आंदोलन की चेतावनी
धनबाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त और एसएसपी से मुलाकात कर अंचल अधिकारी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज न होने ...और पढ़ें

उपायुक्त आदित्य रंजन से मिलकर सीओ पर कार्रवाई की मांग करते कांग्रेस नेता। (फोटो जागरण)
HighLights
कांग्रेस ने धनबाद सीओ पर जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिकी दर्ज न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
डीसी-एसएसपी से मिलकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कांग्रेस की धनबाद जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर धनबाद अंचल अधिकारी के खिलाफ दर्ज शिकायत पर अब तक प्राथमिकी नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में शीघ्र कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को बताया कि जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं जिला सचिव देवेंद्र पासवान की ओर से धनबाद थाना में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में सीओ पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि शिकायत दिए जाने के बाद भी अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने डीसी और एसएसपी से पूछा कि मामले में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और प्रशासन आगे क्या कदम उठाने जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में शमशेर आलम, नवनीत नीरज, योगेंद्र सिंह योगी, शाहिद कमर, मनोज यादव, इरफान खान चौधरी, आदित्य आनंद, बीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।