Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन में गहराया विवाद, 131 सदस्यों ने मौजूदा कमेटी भंग करने का नोटिस दिया

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 09:49 AM (IST)

    DCA: धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के 131 सदस्यों ने मौजूदा मैनेजिंग कमेटी को भंग करने और विशेष आम बैठक बुलाने की मांग की है। ...और पढ़ें

    समारोह का उद्घाटन करते धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी।(फाइल फोटो)

    समारोह का उद्घाटन करते धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी।(फाइल फोटो)

    HighLights

    1. DCA मैनेजिंग कमेटी भंग करने की 131 सदस्यों की मांग।

    2. सत्ता के केंद्रीकरण, भाई-भतीजावाद के गंभीर आरोप लगे।

    3. विशेष आम बैठक बुलाकर प्रस्ताव पर विचार की मांग।

    जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन में प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। एसोसिएशन के 131 सदस्यों ने महासचिव को आवेदन देकर उप-नियमों के नियम के तहत विशेष आम बैठक बुलाने तथा मौजूदा मैनेजिंग कमेटी को भंग करने की मांग की है।

    यह आवेदन सदस्य अवधेश कुमार सिंह की ओर से प्रस्तुत किया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान मैनेजिंग कमेटी के कार्यों से अधिकांश सदस्यों का विश्वास खत्म हो गया है। सदस्यों ने सत्ता के केंद्रीकरण, भाई-भतीजावाद, सदस्यता में कथित हेरफेर, असहमति रखने वालों के उत्पीड़न तथा नियमों में मनमाने बदलाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

    साथ ही चुनावी पात्रता से जुड़े प्रावधानों को अलोकतांत्रिक और भेदभावपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया गया है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि बोर्ड आफ ट्रस्टीज को बोर्ड आफ एडवाइजर्स में बदलकर उसके अधिकार सीमित कर दिए गए, जिससे संस्थागत संतुलन और निगरानी व्यवस्था कमजोर हुई है।

    सदस्यों ने जस्टिस लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के सिद्धांतों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा सदस्य एसए रहमान को कथित रूप से कमजोर आधारों पर निष्कासित किए जाने, वित्तीय अनियमितताओं, अपारदर्शी वित्तीय लेनदेन तथा सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट के नियमों के उल्लंघन का मुद्दा भी उठाया गया है।

    खबरें और भी

    आवेदनकर्ताओं का दावा है कि डीसीए के लगभग 217 सदस्यों में से 131 सदस्य इस मांग के समर्थन में हैं और आगे भी अन्य सदस्य इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा है कि वर्तमान मैनेजिंग कमेटी सदस्यों तथा क्रिकेट प्रेमियों का विश्वास खो चुकी है, इसलिए उसके द्वारा लिए जा रहे निर्णय लोकतांत्रिक वैधता से वंचित हैं।

    सदस्यों ने महासचिव से नियम के तहत शीघ्र विशेष आम बैठक बुलाकर मैनेजिंग कमेटी को भंग करने संबंधी प्रस्ताव पर विचार कराने की मांग की है। धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एसोसिएशन के कार्यालय में अब तक किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

    वहीं, महासचिव विनय कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और न ही कोई आवेदन मिला है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।