विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद से दुर्गापूजा और नवरात्रि यात्रा के लिए ट्रेनों में सीटें फुल, जानें विकल्प

Published: Fri, 28 Aug 2026 08:03 PM (IST)

धनबाद से दुर्गापूजा और नवरात्रि के लिए दिल्ली, मुंबई, वैष्णोदेवी, मैहर और विंध्याचल जाने वाली ट्रेनें फुल हो चुकी हैं, जिससे कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है।

धनबाद-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन। (फाइल फोटो)

धनबाद-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दुर्गापूजा और नवरात्रि की ट्रेनें दो महीने पहले ही फुल।

  2. दिल्ली, वैष्णोदेवी, मैहर, विंध्याचल की यात्रा के लिए सीटें नहीं।

  3. धनबाद-सोगरिया, धनबाद-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में विकल्प उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गापूजा की ट्रेनें दो महीने पहले बुकिंग खुलते ही फुल हो गई हैं। कंफर्म तो दूर वेटिंग टिकट भी मिलना मुश्किल हो गया है। धनबाद से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए चलाई गईं स्पेशल ट्रेनें बंद हो गई हैं। धनबाद से दिल्ली होकर शकूर बस्ती तक चलने वाली ट्रेन 31 अगस्त को अंतिम फेरा लगाएगी। धनबाद और आसपास के यात्रियों की उम्मीद अब शकूर बस्ती स्पेशल पर ही टिकी है। फेरा नहीं बढ़ा तो दिल्ली की राह मुश्किल होगी।

वैष्णोदेवी, मैहर व विंध्याचल की ट्रेनें नवरात्र के पहले से ही फुल

नवरात्रि में बउ़ी संख्या में तीर्थ यात्री वैष्णोदेवी, मैहर और विंध्याचल की यात्रा करते हैं। धनबाद होकर प्रतिदिन चलने वाली एक मात्र ट्रेन कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस नौ अक्टूबर से ही फुल है। सियालदह-जम्मूतवी हमसफर के स्लीपर में पूरे अक्टूबर नो रूम तो थर्ड एसी में लंबी वेटिंगगिस्ट है। विंध्याचल जानेवाली चंबल एक्सप्रेस में स्लीपर में वेटिंगलिस्ट तो थर्ड एसी में अलग-अलग दिनों में नो रूम है। मुंबई मेल में गिनती की सीटें बची हैं। हालांकि उनकी बुकिंग भी तेज रफ्तार से हो रही हैं। मैहर जानेवाली शिप्रा एक्सप्रेस में भी कंफर्म सीट मिलना मुश्किल है।

विंध्याचल व मैहर के लिए धनबाद-सोगरिया स्पेशल में कराएं बुकिंग

नवरात्रि के दौरान विंध्याचल व मैहर के लिए धनबाद-सोगरिया स्पेशल में बुकिंग करा सकते हैं। 09822 धनबाद-सोगरिया साप्ताहिक स्पेशल में 10 व 17 अक्टूबर को पर्याप्त सीटें खाली हैं। विंध्याचल के लिए मीरजापुर तक टिकट बुक करा सकते हैं। मैहर पहुंचने के लिए सीधी ट्रेन है।स्लीपर, इकोनामी, थर्ड एसी व सेकंड एसी में बुकिंग करा सकते हैं।

धनबाद-लोकमान्य एक्सप्रेस करेगी मुंबई की राह आसान, गोवा की राह मुश्किल

हावड़ा-मुंबई मेल दुर्गापूजा के दौरान लंबी वेटिंगलिस्ट है। धनबाद और आसपास के यात्री धनबाद-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में टिकट बुक करा सकते हैं। 12 व 19 अक्टूबर को इस ट्रेन की सभी श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं। दूसरी ओर, छुट्टियां मनाने गोवा जाने की प्लानिंग करने वालों को विकल्प ढूंढ़ना होगा। धनबाद होकर चले वाली एकलौती ट्रेन जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस पूरे अक्टूबर तक फुल है।